
गया जंक्शन: खुफिया तरीके से निगरानी बढ़ाने में जुटी महिला अधिकारी और जवान
स्वतंत्रता दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया आगमन के मद्देनजर गया जंक्शन समेत सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आरपीएफ ने विशेष सर्च अभियान चलाया, जिसमें यात्रियों के सामान की...
स्वतंत्रता दिवस और 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया आगमन को देखते हुए गया जंक्शन समेत जिले के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आरपीएफ ने गुरुवार को गया-कोडरमा, गया-पटना, गया-डीडीयू और गया-किऊल रेल सेक्शन पर विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों के निजी सामान की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। गया जंक्शन पर आरपीएफ अधिकारियों व जवानों ने जासूसी कुत्ते की मदद से ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर तलाशी ली। महिला आरपीएफ कर्मियों की विशेष टीम भी खुफिया निगरानी में जुटी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव के नेतृत्व में पूरे सेक्टर में 24 घंटे, तीन शिफ्ट में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
जीआरपी और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। गया-कोडरमा रेल सेक्शन के गुरपा-गझण्डी घाटी खंड में इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त जवान तैनात हैं। रेलवे परिसर में संदिग्ध वस्तुओं का पता लगाने के लिए बम निरोधक दस्ते और जासूसी कुत्तों का इस्तेमाल हो रहा है। आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं और क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। क्लॉक रूम, प्रतीक्षालय, सभा स्थल, शौचालय, लॉबी और पार्सल क्षेत्र जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलगाड़ियों से भेजे जाने से पहले पार्सलों की तोड़फोड़-रोधी जांच भी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उन पर नजर रखने के लिए आरपीएफ के कर्मियों को सादी वर्दी में भी तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ‘लाल कुली मित्र और लाइसेंसी हॉकर मित्रों का सहयोग लिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इन सतर्कता उपायों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




