
गयाजी में सीआईडी डीएसपी का पर्स कटा, पांच हजार नकद और कागजात चोरी
-खरीदारी कर ऑटो से लौटने के दौरान महिला जेबकतरों ने दिया वारदात को अंजाम -कोतवाली
पटना सीआईडी विभाग में तैनात डीएसपी रेखा सिंह का पर्स जेब कतरे काट ले गए। यह घटना शुक्रवार को गया जी शहर में हुई, जब डीएसपी रेखा सिंह खरीदारी करने के बाद ऑटो से यात्रा कर रही थीं। जानकारी के अनुसार, वह गया जी शहर की एक दुकान से सामान खरीदकर ऑटो पर सवार हुईं। इसी दौरान दो-तीन अन्य महिलाएं भी उसी ऑटो में बैठीं। कुछ दूरी तय करने के बाद वे महिलाएं रास्ते में उतर गईं। ऑटो से उतरने के बाद जब डीएसपी रेखा सिंह ने अपना पर्स देखा तो वह कटा हुआ था। पर्स में रखे लगभग पांच हजार रुपये नकद और कुछ महत्वपूर्ण कागजात गायब थे।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने कोतवाली थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। कोतवाली थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ऑटो में सवार महिलाएं ही इस वारदात में शामिल थीं या किसी अन्य का हाथ है। इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जेब कतरी का शिकार हो सकती हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कितनी पुख्ता है। उल्लेखनीय है कि डीएसपी रेखा सिंह मूल रूप से गया बैरागी की रहने वाली हैं और वर्तमान में पटना सीआईडी में पदस्थापित हैं। कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि डीएसपी द्वारा पांच हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




