
ठंड और शीतलहर से बदला स्कूलों का समय
-गया जिले में 19 से 25 दिसंबर तक लागू रहेगा आदेश -कक्षा आठ तक सुबह
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार से स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव का आदेश जारी किया है। डीएम के निर्देशानुसार 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा आठ तक पढ़ने वाले बच्चों की कक्षाएं सुबह नौ बजे से पहले और शाम 4:30 बजे के बाद संचालित नहीं की जाएंगी। जिला प्रशासन ने यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। डीएम ने कहा कि सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे अधिक होता है, जिससे छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है।
खासकर प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों पर ठंड का प्रभाव अधिक पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता न हो, इसे प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए चल रही विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए संचालित विशेष कक्षाओं का संचालन पूर्ववत किया जा सकेगा, ताकि उनकी परीक्षा तैयारी प्रभावित न हो। डीएम ने सभी विद्यालय प्रबंधन, कोचिंग संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिया है। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने, स्कूल परिसर में गर्म पानी की व्यवस्था रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सतर्कता अपनाने को कहा गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




