छपरा में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गया के धीरज यादव ने जीता गोल्ड
छपरा में 4 से 5 अप्रैल तक आयोजित अंडर-17 एवं अंडर-20 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गया जिले के धीरज कुमार यादव ने 125 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने कटिहार के पहलवान पीयूष को हराया। धीरज अब राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

छपरा में 4 से 5 अप्रैल तक आयोजित अंडर-17 एवं अंडर-20 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गया जिले के बेलागंज प्रखंड के ग्राम शिवरामपुर निवासी धीरज कुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। धीरज कुमार यादव सत्येंद्र यादव और उर्मिला देवी के पुत्र हैं। इन्होंने अंडर-20 के 125 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल मुकाबले में कटिहार के पहलवान पीयूष को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। मुकाबले में धीरज का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा और उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार कुश्ती संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह ने उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस जीत से उनके गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेलो इंडिया स्मॉल कुश्ती सेंटर के कोच रामपूजन साहनी ने बताया कि धीरज अब 9 से 12 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उनके लिए एक बड़ा अवसर है जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। धीरज वर्तमान में गया के खेल भवन में कोच रामपूजन साहनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है और खेल के प्रति रुचि बढ़ रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


