सुहाना हुआ गया जी का मौसम, मंडराए बादल, कई इलाकों में झमाझम बारिश
चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के कारण मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार को गया जी में एक घंटे की झमाझम बारिश हुई। मौसम सुहाना है पारा सामान्य से नीचे आ गया है । अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना है।

गया जी का मौसम खुशनुमा हो गया है। चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के गुजरने के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तीन दिनों से जिले में कहीं-कहीं बारिश हो रही है। मंगलवार की दोपहर गया जी शहर में करीब घंटे भर झमाझम बारिश हुई। शहर को छोड़कर बोधगया या अन्य इलाकों में सिर्फ बादल मंडराए। कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वी झारखंड के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। साथ ही एक ट्रफ लाइन झारखंड से होते हुए बांग्ला देश की ओर जा रही है। दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना है। इन मौसमी कारकों की वजह से बारिश हो रही है। कहीं-कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो रही है। मंगलवार की दोपहर शहर में वर्षा हुई। बताया कि अगले दो दिनों में मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन का अनुमान नहीं है। बारिश होने की संभावना बन रही है।
बारिश होने के बाद से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है । पारा सामान्य से नीचे लगभग 31.2 डिग्री रहा । तीन दिनों में करीब तीन डिग्री कम होकर अधिकतम सामान्य से नीचे आ गया है। मंगलवार को अधिकतम सामान्य एक डिग्री कम 31.2 और न्यूनतम 25.0 डिग्री रहा। सोमवार को अधिकतम 31.8, रविवार को 32.0 और शनिवार को 34.0 डिग्री रहा था। मौसम के सुहाने होने से लोगों को उमस से राहत मिली है ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




