Gaya News: मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है सामाजिक स्वीकार्यता
Gaya News: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत ऑनलाइन व्याख्यान और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की। एनईआरआईएसटी की डॉ. युमा नाराह ने एलजीबीटीक्यूआईएपी पहचान, लिंग, यौनिकता और मानसिक स्वास्थ्य पर बात की। उन्होंने पहचान से जुड़ी चुनौतियों, सामाजिक कलंक और परिवार की कठिनाइयों पर प्रकाश डालते हुए जागरूकता तथा सामाजिक स्वीकृति की जरूरत बताई।
Gaya News: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग की ओर से विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका आयोजन छात्रों के परामर्श एवं कल्याण केंद्र के सहयोग से किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. मंगलेश कुमार मंगलम ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस वर्ष की थीम ‘जीवित अनुभव सुने गए: वास्तविक आवाजें, वास्तविक परिवर्तन’ निर्धारित की है। इसी के अनुरूप विभाग की ओर से विशेष ऑनलाइन व्याख्यान आयोजित किया गया। व्याख्यान की मुख्य वक्ता अरुणाचल प्रदेश स्थित उत्तर पूर्वी क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (एनईआरआईएसटी) के मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. युमा नाराह थीं।
उन्होंने एलजीबीटीक्यूआईएपी पहचान, लिंग, यौनिकता और मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जीवित अनुभवों, पहचान से जुड़ी चुनौतियों, सामाजिक कलंक तथा परिवार और समाज से जुड़ी कठिनाइयों पर प्रकाश डाला। साथ ही जागरूकता और सामाजिक स्वीकृति की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. सुदर्शन बेहेरा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसका संयुक्त समन्वय डॉ. दास अंबिका भारती और लेफ्टिनेंट (डॉ.) प्रज्ञा गुप्ता ने किया।

