
शहर में बढ़ी छिनतई और लूट की वारदातें, दो दिनों में गया जी से बेलागंज तक अपराधियों ने कई घटना को
गुरारू में एक ही रात नौ दुकानों में सेंधमारी, चोर-उचक्के पुलिस को दे रहे खुली
गया जी शहर और आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ नजर आ रहा है। गया जी शहर, टिकारी, बेलागंज और ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े छिनतई और लूट की कई घटनाओं ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ अपराधियों ने खुलेआम लोगों को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार को गयाजी शहर के एपी कॉलोनी में दिनदहाड़े कोबरा जवान की पत्नी से बाइक सवार अपराधियों चेन छीनकर फरार हो गए। टिकारी और बेलागंज में दिनदहाड़े रुपयों की लूट कर ली। वहीं बुधवार की रात गुरारू में एक ही रात नौ दुकानों में सेंधमारी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
शहर के विभिन्न इलाकों में बाइक सवार उचक्कों ने राहगीरों, महिलाओं और दुकानदारों को निशाना बनाकर सोने की चेन, मोबाइल और नगद पर्स छीन लिए। कई घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुई हैं। लेकिन, अब तक पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है। टिकारी और बेलागंज में भी इसी तरह दिनदहाड़े छिनतई की वारदातें सामने आईं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। गुरारू बाजार में मंगलवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर नौ दुकानों का ताला तोड़ा और नकदी समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने व्यापारियों में भारी रोष पैदा कर दिया है। दुकानदारों का कहना है कि रात में पुलिस गश्ती शून्य है, जिसका फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो दुकानों के टूटे ताले और बिखरा सामान देख हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिनों में इतनी वारदातें होना पुलिस-प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। अपराधियों का हौसला इतना बुलंद है कि वे दिन में राहगीरों को निशाना बना रहे हैं और रात में बाजार में सेंधमारी कर रहे हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश जारी है। गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि लोगों का आरोप है कि सिर्फ कागजी कार्रवाई से अपराधियों पर लगाम नहीं लगेगी, पुलिस को धरातल पर सक्रियता दिखानी होगी। शहर और ग्रामीण इलाकों में बढ़ते अपराधों ने आम जनता की चिंता और बढ़ा दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




