बच्चा चोरी के शोर और अफवाह से बच्चे नहीं जा रहे स्कूल
बच्चा चोरी के शोर और अफवाह से बच्चे नहीं जा रहे स्कूल शेरघाटी-डोभी की गरीब बस्तियों में खौफजदा हैं बच्चे बच्चा चोर होने के शक पर दो व्यक्तियों की हो च

शेरघाटी और आसपास के इलाके में बच्चा चोरी की लगातार फैलती अफवाहों से छोटे बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। डरे हुए लोग बच्चों को अकेले स्कूल नहीं जाने दे रहे हैं। इसी हफ्ते शेरघाटी में दो अलग-अलग स्थानों पर बच्चा चोर होने के शक में एक महिला और एक किन्नर के साथ लोगों ने मारपीट की है। बाद में पुलिस के सत्यापन के दौरान दोनों बेकसूर पाए गए। पुलिस भी लगातार ऐसी अफवाहों को निराधार और बेतुका बताती रही है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने भी बुधवार को बच्चा चोरी की अफवाहों को रोकने-थामने की गंभीर पहल करते हुए पिछले वर्ष हुई बच्चों की गुमशुदगी की घटनाओं का ब्योरा जारी करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर तैनात आइजी, डीआइजी और एसपी को सूचनाओं-अफवाहों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
सभी थानों को भी सतर्क किया गया है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार पिछले वर्ष बच्चों की गुमशुदगी की कुल 14,699 रिपोर्टें दर्ज हुई थीं, जिनमें 7,772 बच्चों को बरामद भी किया जा चुका है। शेष बच्चों की खोज की जा रही है। जानकार बताते हैं कि शेरघाटी शहर के शुमाली भुइयांटोली में रहने वाले रमन, सोनी, किरण, अमर आदि बच्चों ने पिछले हफ्ते से स्कूल जाना छोड़ दिया है। बच्चों के अभिभावक बताते हैं कि पूर्व में बच्चे मनोरमा कन्या स्कूल में पढ़ने जाते थे, मगर वहां इंटर, मैट्रिक का परीक्षा केंद्र बनाए जाने के कारण बच्चों को बुनियादी विद्यालय में शिफ्ट किया गया था। स्कूल दूर है, इसी वजह से बच्चे डर से नहीं जा रहे हैं कि रास्ते में उन्हें कोई पकड़ लेगा। शहर के दुल्हिन मंदिर में रहने वाली एक महिला संगीता देवी कहती है कि उसकी दो छोटी उम्र की नातिन बांकेबाजार के पननिया गांव में रहती हैं। उसकी मां कामकाजी है और अपने काम से बच्चों को घर पर छोड़कर बांकेबाजार जाती रहती है। ऐसे में दोनों नातिनों को बच्चा चोरी के डर से शेरघाटी बुलवा लिया गया है। जाहिर है वह स्कूल नहीं जा पा रही हैं। बच्चा चोरी का डर कम होगा तो उन्हें वापस घर भेजा जाएगा। भाकपा माले के स्थानीय नेता रामलखन प्रसाद कहते हैं कि शेरघाटी-डोभी इलाके की गरीब बस्तियों में बच्चा चोरी का शोर ज्यादा है। इसी वजह से अधिकांश घरों के बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


