महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध को अर्पित हुआ बुद्ध जयंती का पहला निमंत्रण
महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध को अर्पित हुआ बुद्ध जयंती का पहला निमंत्रण • देश-विदेश से बोधगया में जुटेंगे हजारों बड़ी संख्या में श्रद्धालु • कालचक
भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती समारोह को लेकर बोधगया में विभिन्न राज्यों समेत कई देशों से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को बुद्ध पूर्णिमा समारोह का पहला निमंत्रण कार्ड महाबोधि मंदिर के गर्भगृह में विधिवत मंत्रोच्चार के बीच भगवान बुद्ध को अर्पित किया गया। इस अवसर पर बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) की सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी, वरीय पुजारी भिक्षु डॉ. मनोज थेरो, भिक्षु साईसाना बौद्धबोंग समेत कई बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे। एक मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर महाबोधि मंदिर में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए जुटेंगे। समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, थाईलैंड के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे।
भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की त्रिस्मृति के रूप में बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इसे लेकर बोधगया पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो चुका है। बीटीएमसी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किया जा रहा है। 30 अप्रैल की सुबह बीटीएमसी कार्यालय परिसर के पास पेयजल, जूस, चना-गुड़ सहित विभिन्न सेवा स्टॉलों का उद्घाटन होगा। मंदिर के समीप चिकित्सा शिविर स्थापित कर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएगी।बीटीएमसी सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने बताया कि कालचक्र मैदान में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अत्याधुनिक जर्मन हैंगर टेंट लगाया जा रहा है, जिसमें पंखे और कूलर की भी व्यवस्था रहेगी। शौचालय, स्नानघर और रसोई की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। एक मई को संघदान कार्यक्रम के लिए अलग भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। समारोह में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


