बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में 5 करोड़ से अधिक का बजट पारित

Apr 07, 2026 08:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गया
share

बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में 5 करोड़ से अधिक का बजट पारित • बुद्ध जयंती समारोह को भव्य बनाने पर हुई चर्चा • महाबोधि कॉरिडोर परियोजना के प्र

बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में 5 करोड़ से अधिक का बजट पारित

बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) की तिमाही बैठक मंगलवार को मंदिर कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। इसमें विकास, व्यवस्थापन और आगामी आयोजनों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक आय का बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गयी। बैठक का मुख्य फोकस एक मई को आयोजित होने वाले बुद्ध जयंती समारोह की तैयारियों पर रहा। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गयी।

इस अवसर पर प्रकाशित होने वाली वार्षिक पत्रिका प्रज्ञा के प्रकाशन की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। डीएम ने फरवरी 2026 में आयोजित मंदिर सलाहकार बोर्ड की बैठक से प्राप्त सुझावों को साझा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। थाईलैंड के स्वयंसेवी समूह चोबथम द्वारा महाबोधि मंदिर परिसर में कराए गए जल-सफाई अभियान की सराहना करते हुए इसे रिकॉर्ड में शामिल करने का निर्णय लिया गया। मंदिर परिसर की स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जर्जर यूरिनल और वॉशरूम को हटाकर नए निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त शौचालय बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए शीघ्र सर्वे कराने की योजना है। बैठक में महाबोधि कॉरिडोर परियोजना को समन्वय के साथ प्रभावी रूप से लागू करने, कर्मियों के कल्याण और लंबित प्रशासनिक मामलों के समाधान पर भी विस्तार से चर्चा हुआ। प्रोटोकॉल असिस्टेंट राहुल देव के दो वर्ष की छुट्टी से संबंधित आवेदन पर बैठक में गहन विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने इस दौरान प्रशासनिक प्रभाव, कार्य व्यवस्था और नियमों के अनुरूप पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। वहीं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अमित कुमार के लंबे अवकाश पर रहने और बाद में बीटीएमसी में योगदान देने के मामले पर भी चर्चा हुई। बैठक में दोनों मामलों पर आवश्यक निर्णय की दिशा में मंथन किया गया। बैठक में सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी, सदस्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह, किरण लामा, मिथुन मांझी, भंते डॉ धम्मधीरो व टी ओकोनोगी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।