बोधगया में सफाईकर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण 33 वार्डों में सफाई व्यवस्था ठप
बिहार लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन की बोधगया इकाई के आवाह्न पर सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे नगर परिषद के सभी 33 वार्डों में सफाई कार्य ठप हो गया है और शहर में गंदगी फैलने लगी है। सफाईकर्मियों की 11 मांगें लंबित हैं, जिनमें सेवा स्थायी करना और वेतन बढ़ाने की मांग शामिल है।

बिहार लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन की बोधगया इकाई के आवाह्न पर मंगलवार से बोधगया नगर परिषद के सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण नगर परिषद के सभी 33 वार्डों में साफ-सफाई का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। जिससे शहर में गंदगी फैलने लगी है। हड़ताल की शुरुआत चिल्ड्रन पार्क के समीप स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गयी। इसके बाद नगर परिषद कार्यालय के बाहर सफाईकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। फेडरेशन के महामंत्री संजीत सिंह ने कहा कि दैनिक कर्मियों की सेवा स्थायी करने, केंद्र द्वारा संशोधित न्यूनतम वेतनमान लागू करने, स्थायी कर्मियों को सातवां वेतनमान देने, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान करने, बिना जांच के जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर वेतन रोकने जैसी कार्रवाई पर रोक लगाने सहित 11 सूत्री मांगें लंबे समय से लंबित है।
सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इधर, हड़ताल के चलते शहर में न तो कहीं झाड़ू लगा और न ही डंपिंग प्वाइंट से कूड़े का उठाव हो सका। जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल को सफल बनाने में अमर कुमार, रिचा देवी, देवमंती देवी, मनोहर मांझी, प्रभा सिंह, गुड्डू पासवान सहित अन्य सफाईकर्मी, सुपरवाइजर, ड्राइवर आदि जुटे रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


