
नई सरकार से बोधगया को विकास की बड़ी उम्मीदें
संक्षेप: बोधगया क्षेत्र में नई सरकार के गठन के बाद स्थानीय निवासियों में विकास को लेकर उत्साह है। चार विधायक और एक केंद्रीय मंत्री की निकटता से लोग विकास योजनाओं में तेजी की उम्मीद कर रहे हैं। नागरिकों की प्रमुख अपेक्षाओं में सड़क, जल-निकासी, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग शामिल है।
बोधगया क्षेत्र में नई सरकार के गठन के बाद लोगों में विकास को लेकर खासा उत्साह है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इस बार क्षेत्र को बड़ी उपलब्धियां मिल सकती हैं क्योंकि बोधगया और आसपास के इलाकों से जुड़ी राजनीतिक प्रतिनिधियों की मजबूत उपस्थिति है। वर्तमान में बोधगया से सीधे संबंध रखने वाले चार विधायक और एक केंद्रीय मंत्री हैं, जिनका आवास शहर में दो किलोमीटर के दायरे में स्थित है। इससे लोगों को उम्मीद है कि आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से क्षेत्रीय विकास योजनाओं को गति मिलेगी। बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत का आवास मस्तीपुर में स्थित है, वहीं बगल में बाराचट्टी की विधायक ज्योति मांझी अस्सी फीट मंदिर के समीप रहती हैं।

अतरी के विधायक रोमित कुमार का घर राजापुर गांव में और गुरुआ के विधायक उपेंद्र दांगी का आवास उरैल गांव में है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी का आवास रूट इंस्टीट्यूट रोड पर स्थित है। सभी नेताओं की भौगोलिक निकटता से लोगों को भरोसा है कि विकास कार्यों के लिए सामूहिक पहल आसान होगी। स्थानीय नागरिकों की प्रमुख अपेक्षाओं में सड़क और यातायात व्यवस्था में सुधार, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, जल-निकासी व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन, रिवर फ्रंट परियोजना का विकास, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार अवसर बढ़ाने की भी मांग है। पर्यटन नगरी बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और सुदृढ़ करने के लिए विशेष पहल की अपेक्षा जताई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




