बोधगया में नगर परिषद के सफाई एजेंसी के कार्यों पर उठे सवाल
बोधगया नगर परिषद में गुरुवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई और वर्तमान एजेंसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि नई सफाई एजेंसी का चयन आवश्यक है। बैठक में सफाई व्यवस्था की निगरानी को मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।

बोधगया नगर परिषद कार्यालय में गुरुवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक सभापति ललिता देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई और वर्तमान सफाई एजेंसी के कार्यों पर सदस्यों ने गंभीर नाराजगी जताई। बैठक में उपसभापति कौशमी देवी, सदस्य विजय कुमार, गौतम कुमार गुप्ता एवं संजू देवी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य मुद्दा
बैठक के दौरान सदस्यों ने आरोप लगाया कि वर्तमान एजेंसी निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्य नहीं कर रही है। इसके कारण कई वार्डों में नियमित कचरा उठाव, नालों की सफाई और अन्य स्वच्छता संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सदस्यों ने कहा कि बोधगया जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं धार्मिक महत्व के शहर में स्वच्छता व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए ऐसी एजेंसी का चयन आवश्यक है, जो तय मानकों के अनुरूप बेहतर सेवाएं प्रदान कर सके।
नयी सफाई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया
बैठक में सर्वसम्मति से नई और सक्षम सफाई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि नई एजेंसी के चयन में कुछ समय लगेगा। ऐसे में विभागीय निर्देशों के अनुसार शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए वर्तमान एजेंसी को अगले तीन माह तक कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में एजेंसी के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सफाई व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में जल निकासी सुचारु रहे, शहर स्वच्छ बना रहे और नागरिकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)
अनुसंधान और प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


