
बोधगया में पेयजल पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त, सैकड़ों लीटर पानी हो रहा बर्बाद
बोधगया में नगर परिषद ने पेयजल सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन बिछाई है, लेकिन रखरखाव की कमी से कई जगह पाइप टूटने की समस्या बढ़ रही है। एक युवक द्वारा खुदाई के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने पानी की बर्बादी की समस्या पर नाराजगी जताई है। नगर परिषद की टीम मरम्मत में जुटी है।
बोधगया शहर में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद ने विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन बिछाई है, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण शहर के कई इलाकों में पाइप क्षतिग्रस्त होने की समस्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पाइपलाइन टूटने से प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। नगर परिषद की तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुटी जरूर है, लेकिन गति काफी धीमी होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। शनिवार सुबह कालचक्र मैदान स्थित कब्रिस्तान चारदीवारी के पास एक युवक द्वारा बांस खड़ा करने के लिए की गई खुदाई के दौरान अचानक पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइप क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से मरम्मत कर पानी की बर्बादी को रोका। इधर, शहर के शाक्यमुनि कॉलेज के पास शिव मंदिर के नजदीक, रूट इंस्टिट्यूट के पास, निगमा मोनेस्ट्री, जानपुर, चार नंबर मोहल्ले के तीन स्थानों पर, ज्ञान भारती मौनिया रोड सहित लगभग एक दर्जन क्षेत्रों में पाइपलाइन में लगातार लीकेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़कों पर निरंतर बहते पानी से न केवल नुकसान हो रहा है, बल्कि पेयजल की भारी बर्बादी भी हो रही है। नगर परिषद के कनीय अभियंता आदिल हसन ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपों की पहचान कर लगातार मरम्मत कराई जा रही है। जहां लीकेज मिल रही है, वहां तुरंत टीम भेजी जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि खुदाई या निर्माण कार्य के दौरान सावधानी बरतें ताकि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो और पानी की बर्बादी रोकी जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




