Gaya News: इंटरनेशनल फ्लाइटों का विंटर शेड्यूल जारी नहीं होने से एडवांस टिकट बुकिंग ठप
Gaya News: इंटरनेशनल फ्लाइटों का विंटर शेड्यूल जारी नहीं होने से एडवांस टिकट बुकिंग ठप • दलाई लामा के बोधगया आने की चर्चा से पर्यटन कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ी

Gaya News: बोधगया का पर्यटन सीजन शुरू होने में अभी दो माह से अधिक का समय बाकी है। लेकिन, पर्यटन कारोबारियों की नजरें अभी से ही आगामी सीजन पर टिक गयी हैं। महाबोधि मंदिर में होने वाली वार्षिक पूजा को लेकर बीटीएमसी की ओर से वर्ष 2026-27 का वार्षिक पूजा कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
दलाई लामा की संभावित यात्रा
वहीं, बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के भी इस वर्ष बोधगया आने की जोरदार चर्चा है। ऐसे में पर्यटन कारोबारियों को आगामी सीजन से काफी उम्मीदें हैं। दलाई लामा के बोधगया प्रवास के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे होटल, ट्रैवल और स्थानीय कारोबार को जबरदस्त उछाल मिलता है। दलाई लामा अंतिम बार 19 जनवरी 2023 को बोधगया प्रवास से लौटे थे, जिसके बाद से वह अब तक बोधगया नहीं आए हैं। पर्यटन सीजन से पहले गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विंटर शेड्यूल जारी नहीं होने से पर्यटकों की एडवांस टिकट बुकिंग अटक गयी है। पर्यटन सीजन में म्यांमार, थाईलैंड, भूटान, वियतनाम, कंबोडिया आदि देशों से सीधी उड़ानों का संचालन होता है। म्यांमार नेशनल एयरलाइंस, थाई एयरवेज, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल, भूटान एयरलाइंस, ड्रुक एयर, वियतनाम एयरलाइंस, कंबोडिया एयरलाइंस आदि की उड़ानों पर पर्यटकों की नजर है। बावजूद इसके अब तक किसी भी एयरलाइंस ने गयाजी एयरपोर्ट को विंटर शेड्यूल उपलब्ध नहीं कराया है।
एयरलाइंस की स्थिति
एयर इंडिया ने शुरू की बुकिंग
वर्तमान में दिल्ली-गया जी-कोलकाता रूट पर सोमवार और शुक्रवार को छोड़कर इंडिगो की एक नियमित उड़ान संचालित हो रही है। हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को दिल्ली या कोलकाता से आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ रही है। हालांकि 25 अक्टूबर से एयर इंडिया दिल्ली-गयाजी-दिल्ली रूट पर दो दैनिक उड़ानें शुरू करने जा रही है। इसकी टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इसके अलावा बिहार सरकार की न्यू डेस्टिनेशन पॉलिसी के तहत इंडिगो की गया-बैंकॉक सीधी उड़ान की भी तैयारी चल रही है। गया जी एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि अब तक किसी भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का विंटर शेड्यूल नहीं आया है।
(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)


