Gaya News: ग्राम सभा में ग्रामीणों ने तय की विकास की प्राथमिकताएं
Gaya News: -फोटो -पीपुल्स प्लान कैंपेन के तहत पंचायतों में हुई विशेष ग्राम सभा

Gaya News: पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। पीपुल्स प्लान कैंपेन 2026-27 और ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों की जरूरतों, सुझावों और स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं को पंचायत की योजनाओं में शामिल करना रहा। विशेष ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा कर पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने पर जोर दिया गया。
सामाजिक अभियानों के प्रति किया जागरूक
जिला पंचायती राज अधिकारी आदित्य कुमार और नोडल अधिकारी बैजनाथ कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह उन्मूलन अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छ गांव और स्वच्छ पंचायत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया गया। लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। नाइट ब्लड सर्वे जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच और सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्राम सभा में पंचायत के राजस्व स्रोत, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और स्कोर कार्ड से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। ग्राम सभा की कार्यवाही, उपस्थिति, फोटो और वीडियो समेत जरूरी अभिलेख निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।

