Gaya News: सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन ऑवर’, जागरूकता से बचेगी जान : राजेश
Gaya News: -सड़क दुर्घटना में घायलों का निःशुल्क इलाज के लिए बैठक में डीटीओ ने दी जानकारी

Gaya News: जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने जागरूकता अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है। बुधवार को जिला परिवहन कार्यालय में डीटीओ राजेश कुमार की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन ऑवर’ होता है। इस दौरान यदि घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के सफल संचालन और बिहार सड़क सुरक्षा परिषद् द्वारा संचालित कैशलेस उपचार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। आम लोगों को योजना की जानकारी देने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया。
दुर्घटना के 24 घंटे के अंदर भर्ती होने पर मिलेगा लाभ
डीटीओ राजेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के 24 घंटे के अंदर अस्पताल में भर्ती होने पर इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत घायल को 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही दुर्घटना के बाद सात दिनों तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पताल
यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध सभी अस्पतालों में उपलब्ध है ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी घायल का इलाज प्रभावित न हो। बैठक में अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। जिला परिवहन विभाग ने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस महत्वपूर्ण योजना की जानकारी दी जाएगी, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सके और सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाई जा सके।
(गया जी से राजेश कुमार मिक्की की रिपोर्ट)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


