
विकसित भारत की नीव गांवों से ही मजबूत होगी: मनोरमा
बेलागंज अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए गांव, किसान, महिलाएं और युवा महत्वपूर्ण हैं। स्वतंत्रता सेनानी पं. यदुनंदन शर्मा की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित भारत 2047 के संकल्प को पहुंचाने के लिए बेलागंज अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस भव्य समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी रही। सभी ने यह संदेश दिया कि विकसित भारत की नींव गांवों से ही मजबूत होगी। स्वतंत्रता सेनानी और किसानों के प्रणेता पं. यदुनंदन शर्मा की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा जब गांव, किसान, महिलाएं और युवा राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा से जुड़ेंगे।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता को विकास की रीढ़ बताया। कहा कि पं. यदुनंदन शर्मा जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने किसानों और ग्रामीण समाज को संगठित कर देश को आज़ादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। मौके पर लोदीपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी अर्जुन सागर ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। समाजसेवी दिलीप कुमार, सरोज सिंह, कुमारी रिंकू, रविशंकर कुमार ने अपने विचार रखे। आयोजन के दौरान कलाकारों ने हिंदी और भोजपुरी में देशभक्ति व विकास पर आधारित प्रस्तुति दी। क्षेत्रीय प्रचार पदाधिकारी भानु कुमार झा और सहायक क्षेत्रीय प्रचार पदाधिकारी अरविंद कुमार ने भारत सरकार की योजनाओं और विकसित भारत 2047 की अवधारणा को सरल भाषा में लोगों के सामने रखा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




