सनातन और बौद्ध धर्म के समन्वय से ही मजबूत होगा सामाजिक सौहार्द : डॉ. इंद्रेश कुमार
सनातन और बौद्ध धर्म के समन्वय से ही मजबूत होगा सामाजिक सौहार्द : डॉ. इंद्रेश कुमार • बोधगया में सर्वधर्म समभाव के संदेश के साथ 12वां वार्षिक आयोजन शु
बोधगया में धर्म, संस्कृति और समन्वय की भावना को सशक्त करने के लिए वार्षिक कार्यक्रम शुरू हुआ। बुधवार की शाम बोधगया के होटल डेल्टा इंटरनेशनल में धर्म संस्कृति संगम गया के तत्वावधान में पांच दिवसीय 12वें वार्षिक चीवरदान कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार, गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद, महाबोधि मंदिर के वरीय पुजारी भिक्षु डॉ. मनोज थेरो, स्थानीय संयोजक संजय कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि आज विश्व वैचारिक मतभेदों के कारण विभाजन और अलगाव की स्थिति से जूझ रहा है।
ऐसे समय में धर्म संस्कृति संगम पिछले 12 वर्षों से सनातन धर्म और बौद्ध धर्म के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य कर रहा है, जो सामाजिक सौहार्द के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जातियों और धर्मों के बीच बढ़ती कटुता को समाप्त कर आपसी भाईचारा और समरसता स्थापित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के तहत सात और आठ मई को ‘भारत सर्वधर्म समभाव की जननी’ विषय पर विभिन्न स्थलों पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। नौ मई को महाबोधि मंदिर परिसर में चीवर दान और श्रीलंकाई बौद्ध मठ के सभागार में संघदान कार्यक्रम आयोजित होगा। विचार गोष्ठी को राष्ट्रीय महामंत्री राजेश लामा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. माधवी तिवारी, भंते ज्ञान सागर, भंते शील रत्न, स्वामी विवेकानंद गिरी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया और धार्मिक समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में बोधगया नगर परिषद अध्यक्ष ललिता देवी, स्थानीय आयोजक संजय कुमार सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार संजय समेत बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु उपस्थित रहे।(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


