अंजू हत्याकांड: पुलिस ने दो मुख्य आरोपित को किया गिरफ्तार
अंजू हत्याकांड: पुलिस ने दो मुख्य आरोपित को किया गिरफ्तार अंजू हत्याकांड: पुलिस ने दो मुख्य आरोपित को किया...

टिकारी। निज संवाददाता
अंजू हत्याकांड में शामिल दो मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड में मुख्य आरोपित संजीव कुमार को पुलिस ने गया शहर स्थित घर से पकड़ा है। संजीव के पिता गिरीजेश शर्मा को पुलिस ने पुरा गांव जाने के क्रम में दबोच लिया है। केस में शामिल एक आरोपित सीआरपीएफ में कार्यरत बताया जाता है। पुलिस ने कहा कि प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जब थाना में बैठ गया पीड़ित परिवार.....
पूरा में अंजू देवी की हत्या के बाद सोमवार को मृतिका के पति पूर्व उप मुखिया रंजन कुमार अपनी मां विद्या देवी, बेटी अमृता और बेटा कन्हैया के साथ थाना पहुंच गए। केस की महिला आरोपित को पकड़ कर छोड़ देने की बात कहते हुए बीच थाना में बैठ गए।
एसएचओ श्रीराम शर्मा ने रंजन और उसके परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रंजन और उसकी मां ने परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगायी।
सुरक्षा के आश्वासन के बाद उठा परिवार
एसएचओ ने कहा कि रोजाना पुलिस पुरा गांव पहुंचेगी। सुरक्षा का ख्याल रखा जाएगा। एसएचओ के समझाने, उचित कार्रवाई का भरोसा और सुरक्षा प्रदान का आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार थाना से वापस घर लौट गया। मालूम हो कि नौ दिसम्बर, 2021 को पुरा गांव में गोली मारकर पूर्व उप मुखिया रंजन कुमार की पत्नी अंजू देवी की हत्या कर दी गई थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
