बोधगया घर के बाहर गाली-गलौज रोकने गए राजमिस्त्री की पीटकर हत्या
बोधगया घर के बाहर गाली-गलौज रोकने गए राजमिस्त्री की पीटकर हत्या • एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य किया एकत्रित • मृतक की पत्नी ने गांव के ह
बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव में गुरुवार की रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के सामने हो रहे झगड़ा और गाली-गलौज का विरोध करना एक व्यक्ति को इतना महंगा पड़ गया कि उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी और गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया। घटना के बाद से मृतक परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मुन्ना यादव उर्फ मुन्नू यादव (46) मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के छोटकी बभनी गांव का रहने वाला था। वह कई वर्षों से सोनू बिगहा गांव में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
रात में मुन्ना यादव के घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा था। मुन्ना यादव ने बाहर निकलकर शोर-शराबा बंद करने और वहां से हटने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि ईंट, लाठी और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आसपास के लोग जब तक बीच-बचाव करते, तब तक मुन्ना यादव की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाने की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य एकत्रित किया।आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारीपोस्टमार्टम के बाद घर पर शव पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी के बयान पर सोनू बिगहा के राजू यादव, उसकी पत्नी, बेटा पिंटू कुमार और बेटी सुनीता कुमारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। घटना के बाद से ही सभी आरोपित घर में ताला बंद कर फरार हो गए। बोधगया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


