बिहारी होना गर्व की बात, राज्य में 50 हजार करोड़ निवेश जल्द, गौतम अदाणी बोले; CM सम्राट से की मुलाकात
गौतम अदाणी ने कहा कि उनका समूह पटना में सामाजिक आधारभूत संरचना को विकसित करना चाहता है। इसके तहत स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल बनाने की योजना है। 3 से 4 सालों में 50-60 हजार करोड़ का निवेश करेंगे।

Gutam Adani Latest News: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा है कि बिहारी होना गर्व की बात है। यहां के लोग बहुत मेहनती हैं। बिहार के बेरोजगारों को घर में काम मिले, इस सोच के साथ बिहार में निवेश शुरू किया गया है। अदाणी ग्रूप ने राज्य में अगले तीन-चार वर्षों में 50- 60 हजार करोड़ रुपये निवेश करने की इच्छा जताई है। छपरा से लौटने के बाद वे पटना पहुंचे और सीएम आवास पर जाकर सम्राट चौधरी से मुलाकात की। सीएम ने तस्वीर शेयर करते हुए खुद इसकी जानकारी दी।
गौतम अदाणी रविवार को सारण में अपने नेत्र चिकित्सालय प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करने आए थे। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह पटना में ‘सामाजिक आधारभूत संरचना’ को विकसित करना चाहता है। इसके तहत स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल बनाने की योजना है। गौतम अदाणी सारण के परसा स्थित मस्तीचक में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नेत्र अस्पताल और प्रशिक्षण केंद्र के भूमि पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अदाणी समूह की बिहार में अभी बिजली (पीरपैंती के पास 24 सौ मेगावाट) और सड़क निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं। मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स को विकसित करने की परियोजना पर बातचीत राज्य सरकार से हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा उनकी प्राथमिकता सूची में है।
बिहारी को मिले बिहार में ही काम
गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग हैं। जो मेहनती, सादगीपसंद और मजबूत इरादा रखते हैं। बिहारी होना गर्व की बात है। प्रत्येक बिहारी को बिहार के अंदर ही रोजगार मिलना चाहिए। कम कीमत पर बिहार के लोगों को बिजली कैसे मिले, हर घर में सस्ती बिजली कैसे उपलब्ध हो, इसके लिए प्रयास होना चाहिए। बिहार की धरती पावन है, यह राज्य भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप बिहार के मुख्यमंत्री को सहयोग करने की इच्छुक है।
हर साल 3.3 लाख आंखों की सर्जरी मुमकिन
मस्तीचक में बनने वाले नेत्र अस्पताल और प्रशिक्षण केंद्र से ग्रामीण इलाकों में सस्ती दरों पर आंखों का इलाज संभव हो सकेगा। गौतम अदाणी ने कहा कि हर साल लगभग 3.3 लाख आंखों की सर्जरी मुमकिन हो सकेगी। साथ ही हर साल आंखों की देखभाल के लिए 1,000 हेल्थ प्रोफेशनल को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। यह पहल आंखों के इलाज के क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्क में से एक बन सकती है।
सीएम सम्राट चौधरी से की मुलाकात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उद्योगपति गौतम अडानी ने रविवार को लोक सेवा आवास में जाकार मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने टवीट किया कि देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने बिहार के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

