हर तरफ कूड़ा और बदबू से सुपौल में हाहाकार, सफाईकर्मी हड़ताल पर; पुलिस से क्यों हैं नाराज

Nishant Nandan हिन्दुस्तान संवाददाता, सुपौल
share

सफाईकर्मियों का आरोप है कि रविवार देर रात पुलिस ने बिहार लोकल बॉडीज फेडरेशन के प्रदेश संगठन महामंत्री मो. असजद आलम के घर का गेट तोड़कर जबरन प्रवेश किया और कर्मियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की।

हर तरफ कूड़ा और बदबू से सुपौल में हाहाकार, सफाईकर्मी हड़ताल पर; पुलिस से क्यों हैं नाराज

बिहार के सुपौल में पुलिस की कथित बर्बर कार्रवाई के खिलाफ नगर परिषद के सफाईकर्मी सोमवार को उग्र तेवर के साथ हड़ताल पर उतर आए हैं। सोमवार सुबह से ही शहर में कचरा उठाव पूरी तरह ठप हो गया, जिससे कई वार्डों में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया। आक्रोशित सफाईकर्मी नगर परिषद की मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव के आवास पर जुटकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्से का इजहार किया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

सफाईकर्मियों का आरोप है कि रविवार देर रात पुलिस ने बिहार लोकल बॉडीज फेडरेशन के प्रदेश संगठन महामंत्री मो. असजद आलम के घर का गेट तोड़कर जबरन प्रवेश किया और कर्मियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। इसके बाद संगठन महामंत्री सह नगर परिषद के बड़ा बाबू असजद आलम, आउटसोर्सिंग प्रबंधक डीके मिश्रा समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इस कार्रवाई से नगर परिषद कर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मुख्य पार्षद के घर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ विरोध जताया। कर्मियों ने साफ कहा कि जब तक सदर थानाध्यक्ष और संबंधित एसआई को हटाया नहीं जाता तथा हिरासत में लिए गए कर्मियों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उधर, मुख्य पार्षद ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर परिषद कर्मियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया, जो पूरी तरह से गलत है।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द ठोस पहल नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत शहर के वार्ड संख्या 22 में रविवार को नाले की सफाई के दौरान नगर परिषद कर्मी के साथ मारपीट की घटना से हुई। इसके बाद मामला बढ़ता गया और देर रात पुलिस की कार्रवाई से स्थिति और भड़क गई। हड़ताल के कारण पूरे शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।

उधर, बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह का कहना है कि बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के महामंत्री को रिहा नहीं किया गया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो इसके खिलाफ प्रदेश भर के नगर निकायों के कर्मी कामकाज ठप कर हड़ताल पर चले जाएंगे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।