बिहार: गंडक नदी पर फिर बांध टूटा, छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच पर पानी; घरों में पानी से तबाही
छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच पर बाढ़ का पानी चढ़ने के साथ मकेर, अमनौर, तरैया और पानापुर के कई नए इलाकों में भी पानी प्रवेश कर गया है। पहले से बाढ़ की मार झेल रहे क्षेत्रों में अब पानी का दायरा बढ़ने लगा है।

बिहार के छपरा जिले में गंडक नदी ने एक और बांध तोड़ दिया है। पानापुर प्रखंड के सरौजा-भगवानपुर में सतजोड़ा के पास गुरुवार सुबह गंडक नदी का बांध 20 फीट से अधिक दूरी में टूटने के बाद दस से अधिक गांवों में पानी घुस गया है। बुधवार रात से छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर रेवा से नए बाईपास और कारगिल चौक से फुलवरिया नहर तक तीन से चार फीट पानी बह रहा है। आवागमन बाधित होने के साथ मकेर बाजार में भी पानी घुस गया है। बाढ़ के पानी ने छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 को अपनी चपेट में ले लिया है। रेवा पुल से नए बाईपास तक और कारगिल चौक से फुलवरिया नहर तक सड़क पर तीन से चार फीट पानी की तेज धार बह रही है।
बुधवार देर रात एनएच पर पानी आना शुरू हुआ और देखते ही देखते सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। तेज बहाव के कारण छपरा-मुजफ्फरपुर के बीच सड़क संपर्क टूट गया है। इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद हो गया है। एनएच पर पानी का दबाव लगातार बढ़ने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है। सड़क पर कई फीट पानी बहने के कारण वाहन चालकों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया है। पानी की तेज धार के बीच सड़क का पता लगाना भी मुश्किल है। इसके चलते एनएच-722 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
चार प्रखंडों के नए इलाकों में फैला पानी
एनएच पर बाढ़ का पानी चढ़ने के साथ मकेर, अमनौर, तरैया और पानापुर के कई नए इलाकों में भी पानी प्रवेश कर गया है। पहले से बाढ़ की मार झेल रहे क्षेत्रों में अब पानी का दायरा बढ़ने लगा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई जगहों पर आवागमन के लिए स्थानीय लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
एनएच पर तेज धार, आवाजाही पूरी तरह ठप
रेवा से नए बाईपास और कारगिल चौक से फुलवरिया नहर तक पानी का बहाव सबसे अधिक बताया जा रहा है। एनएच पर तीन से चार फीट पानी होने के कारण सामान्य वाहनों का निकलना संभव नहीं है। महत्वपूर्ण सड़क मार्ग बंद होने से छपरा और मुजफ्फरपुर के बीच आने-जाने वाले लोगों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। बाढ़ का पानी कम होने तक इस मार्ग पर यातायात बहाल होने की उम्मीद नहीं है।
डीएम साहेब, हमार पोता फंस गइल बा, निकाल दीं....
एनएच-722 पर फुलवरिया नहर के पास गुरुवार सुबह करीब सात बजे बाढ़ का पानी जिस रफ्तार से बह रहा था, उसे देखकर मौके पर पहुंचे अधिकारी भी कुछ देर के लिए ठिठक गए। डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रोशन कुमार और डीडीसी लक्ष्मण तिवारी सुबह ही फुलवरिया नहर के पास पहुंचे। अधिकारियों की गाड़ियां रुकते ही वहां पहले से जमा सैकड़ों लोगों ने घेर लिया। कोई अपने घर में फंसी महिला-बच्चों की दुहाई दे रहा था तो कोई बुजुर्ग और मवेशियों को निकालने के लिए नाव की मांग कर रहा था। भीड़ में महिलाओं की आंखों में डर साफ दिख रहा था।
‘डीएम साहेब, हमार पोता फंस गइल बा, कुछ कर दीं...’, ‘साहेब, घर में मेहरारू-बच्चा लोग बा, नाव भेज दीं’ जैसी गुहार लगातार सुनाई देती रही। लोगों ने बताया कि कई घरों में लोग छतों पर बैठे हैं और पानी कम होने का इंतजार कर रहे हैं। राधा देवी समेत कई ग्रामीण अधिकारियों के सामने अपनी परेशानी बताते हुए भावुक हो गईं। रामायण प्रसाद, चकिया, ललन महतो, अंजनी और सुरेश कुमार, मधवल सहित आसपास के लोगों ने भी अपने गांवों में फंसे लोगों को जल्द निकालने की गुहार लगाई।
आप धैर्य रखें, एक-एक आदमी के सुरक्षित निकाला जाएगा - डीएम
लोगों की भीड़ और लगातार मिल रही सूचनाओं के बीच डीएम वैभव श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से संयम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में लगी हैं। फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। इधर, आपातकालीन नंबरों और अधिकारियों के मोबाइल लगातार बजते रहे। चंदीला गांव से फोन कर लोगों ने बताया कि 500 से अधिक महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए नाव की जरूरत है। इसी तरह आसपास के गांवों से भी लगातार मदद की गुहार प्रशासन तक पहुंचती रही।

