पश्चिमी चंपारण से वैशाली तक; सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित
सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा का पहला चरण 16 जनवरी से शुरू हो रहा है। जिसका कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पश्चिमी चंपारण से शुरू होगी और 24 जनवरी को वैशाली में समाप्त होगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री की पहले चरण की यात्रा 16 जनवरी को पश्चिमी चंपारण से शुरू होगी और 24 जनवरी को वैशाली में समाप्त होगी। इस क्रम में मुख्यमंत्री 17 जनवरी को पूर्वी चंपारण, 19 जनवरी को सीतामढ़ी व शिवहर, 20 जनवरी को गोपालगंज, 21 जनवरी को सीवान, 22 जनवरी को सारण, 23 जनवरी को मुजफ्फरपुर और 24 जनवरी को वैशाली में होंगे।
इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने सभी विभागों को अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव. सचिवों के साथ-साथ सभी प्रभारी सचिव, डीजीपी, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी को पत्र लिखकर जानकारी दे दी है। चौधरी ने अपने पत्र के साथ समीक्षा बैठक को लेकर विस्तृत विवरण भी साझा किया है।
समृद्धि यात्रा के दौरान समीक्षा बैठक में सीएम प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। साथ ही साथ सात निश्चय-दो और सात निश्चय-तीन पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे। इसके अलावा नि:शुल्क दवा की उपलब्धता, ऊर्जा में संरचनात्मक ढांचे की उपलब्धता, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष), ग्रामीण सेतु निर्माण योजना, जीविका समूह, पंचायत सरकार भवन, भूमि विवाद के निपटारे के लिए बैठक, राशन कार्ड से संबंधित प्रतिवेदन, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम के अलावा विधि व्यवस्था की भी समीक्षा करेंगे।
इसके साथ ही जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि योजनाओं के स्थल निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव व सचिव अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ निर्धारित विषयों से संबंधित विभागों के शीर्ष पदाधिकारी भाग लेंगे। किसी अपरिहार्य स्थिति में विभाग के दूसरे वरीयतम पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।





