Cyber Crime : 14 महीने में साइबर फ्रॉड के 24 केस हुए दर्ज, एक का भी नहीं हुआ खुलासा; पटना में सबसे ज्यादा FIR

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
Follow us on Google News
share

एससीआरबी की वेबसाइट के अनुसार पटना रेल साइबर थाने में सर्वाधिक 21 केस दर्ज हैं। वहीं मुजफ्फरपुर में दो, और कटिहार में एक केस दर्ज हैं, जबकि बीते 14 महीने में रेल जिला जमालपुर के रेल साइबर थाना में एक भी केस दर्ज नहीं हुआ है।

Cyber Crime : 14 महीने में साइबर फ्रॉड के 24 केस हुए दर्ज, एक का भी नहीं हुआ खुलासा; पटना में सबसे ज्यादा FIR

रेलवे में भी साइबर फ्रॉड के मामले रोज बढ़ रहे हैं। ट्रेन से मोबाइल चोरी कर उसमें इंस्टॉल यूपीआइ व इंटरनेट बैकिंग से छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे रोकने और शातिरों पर कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय ने जिलों की तर्ज पर जून 2023 में सभी चार रेल जिले में एक-एक रेल साइबर थाना खोला था। करीब 14 महीने में रेल साइबर थाने में 24 केस दर्ज किए गए, पर एक का भी खुलासा नहीं हो सका है।

एससीआरबी की वेबसाइट के अनुसार पटना रेल साइबर थाने में सर्वाधिक 21 केस दर्ज हैं। वहीं मुजफ्फरपुर में दो, और कटिहार में एक केस दर्ज हैं, जबकि बीते 14 महीने में रेल जिला जमालपुर के रेल साइबर थाना में एक भी केस दर्ज नहीं हुआ है। जिन थानों में केस दर्ज हुए वहां एक भी मामले में चार्जशीट तो दूर, रेल पुलिस किसी शातिर को नहीं पकड़ सकी है। सिर्फ कुछ मामलों में राशि होल्ड कराई गई है। साइबर थानों में प्रतिनियुक्त आईटी विशेषज्ञ व अन्य मौखिक रूप से लगाए गए हैं।

इससे साइबर रेल थाने में दर्ज फ्रॉड के मामलों की जांच ठप पड़ी है। मुजफ्फरपुर के प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि दो केस दर्ज हैं। दोनों में पैसों होल्ड कराया गया है। शातिर की गिरफ्तारी को हरियाणा में छापेमारी की गई पर वह फरार हो गया। पुलिस जल्द उस तक पहुंचेगी।

पीड़ित भी नहीं आते साइबर थाना जानकारी लेने

समय अधिक बीतने पर पीड़ित भी रुपये की रिकवरी की उम्मीद छोड़ देते हैं। वह थाना पर नहीं आते हैं। मालूम हो कि, रेल साइबर थाना के थानेदार भी प्रभार में ही हैं। ऐसे में वह अपनी नियमित ड्यूटी पर अधिक ध्यान देते हैं। इससे रेल साइबर थानों में दर्ज केसों की नियमित मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। जिलों में स्थापित साइबर थानों की सफलता दर 70 फीसदी से अधिक बताई गई है। वहीं रेल साइबर थाने की सफलता दर शून्य है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।