मदरसा जाने की बात कहकर घर से निकली, बिहार के किशनगंज से 4 नाबालिग लड़कियां लापता; हड़कंप

हिन्दुस्तान, संवाददाता, किशनगंज
Follow us on Google News
share

परिजनों ने आवेदन में यह भी बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 3:30 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कुछ देर के लिए नाबालिग लड़कियों से बातचीत कराई, लेकिन जब परिजनों ने उनके ठिकाने के बारे में पूछने की कोशिश की तो फोन तुरंत काट दिया गया।

मदरसा जाने की बात कहकर घर से निकली, बिहार के किशनगंज से 4 नाबालिग लड़कियां लापता; हड़कंप

बिहार में किशनगंज शहर की चार नाबालिग लड़कियों के एक साथ लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। लापता नाबालिग लड़कियां सोमवार को घर से निकली थी और किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर किसी ट्रेन से आगे जाने की बात बताई जा रही है। लापता नाबालिग लड़कियों के परिजनों ने किशनगंज सदर थाना में आवेदन देकर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन पर किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। इधर पुलिस ने मामले भी मामले को गंभीरता से लेते हुए इनकी बरामदगी में जुट गई है। एसडीपीओ वन खुसरू सिराज स्वयं मामले की जांच कर रहे है। शहर के एक व्यक्ति ने सदर थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी 13 वर्षीय भांजी, जो उनके पास रहकर पढ़ाई करती थी, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मदरसा जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उनके साथ तीन अन्य नाबालिग लड़कियां भी थीं। जिनकी उम्र 12, 13 और 14 वर्ष के करीब है। एक 10 वर्षीय बच्ची भी उनके साथ गई थी, लेकिन उसे किशनगंज रेलवे स्टेशन से वापस भेज दिया गया।

चारों लड़कियां एक ई - रिक्शा से किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची थी और रेलवे टिकट काउंटर से कोलकाता जाने का टिकट लिया था। जब सुबह करीब 9 बजे तक नाबालिग लड़कियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों के यहां खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मामले की सूचना तुरंत आरपीएफ और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को भी दी गई। किशनगंज एसडीपीओ खुसरो सिराज ने बताया कि नाबालिग लड़कियों की बरामदगी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए है।

सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। रेलवे पुलिस और आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर नाबालिग लड़कियों की खोजबीन कर रही है। परिजनों ने आवेदन में यह भी बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 3:30 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कुछ देर के लिए नाबालिग लड़कियों से बातचीत कराई, लेकिन जब परिजनों ने उनके ठिकाने के बारे में पूछने की कोशिश की तो फोन तुरंत काट दिया गया। इसके बाद से परिजन पहले से ज्यादा परेशान हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही किशनगंज सदर थाना की पुलिस के द्वारा भी घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने भी पूरे मामले की जानकारी ली और नाबालिग लड़कियों की खोजबीन को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।