24 घंटे के अंदर 4 मौतों से दहला आरा; कहीं 200 रुपये तो कहीं दहेज की बाइक के लिए हुई हत्या

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, सुशील कुमार सिंह, आरा
share

Bihar Latest News: भोजपुर जिले में 24 घंटे के अंदर चार मौतें सामने आई हैं। सिन्हा में दहेज की बाइक और चौरी में 200 रुपये के लिए हत्या की खबर सामने आई है। वहीं, सिकरहट्टा में झोलाछाप के इंजेक्शन से मासूम की जान चली गई और जगदीशपुर हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

24 घंटे के अंदर 4 मौतों से दहला आरा; कहीं 200 रुपये तो कहीं दहेज की बाइक के लिए हुई हत्या

Bihar Latest News: बिहार के भोजपुर (आरा) जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या, सड़क हादसे और डॉक्टर की लापरवाही की एक के बाद एक चार बड़ी वारदातें सामने आई हैं। इन घटनाओं में चार लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। जिले के चौरी थाना क्षेत्र में महज 200 रुपये और दहेज की एक बाइक के लिए बेरहमी से खून बहा दिया गया, वहीं दूसरी तरफ एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते घर का चिराग बुझा दिया। इसके अलावा रफ्तार के कहर ने भी एक जिंदगी छीन ली। एक साथ हुई इन मौतों से पूरे जिले में दहशत का माहौल है और पुलिस सभी मामलों में घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है।

दहेज के लिए विवाहिता की हत्या

सिन्हा थाना क्षेत्र के छपरापर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। मृतका के मायके वालों और परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले काफी समय से दहेज में एक मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मारपीट कर विवाहिता की जान ले ली। शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

200 रुपये के लेनदेन विवाद में अधेड़ की हत्या

चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव में महज 200 रुपये के मामूली लेनदेन के विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति की धारदार हथियार से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। चंद रुपयों के लिए हुए इस खूनी खेल से इलाके के लोग खौफ में हैं। वारदात की सूचना मिलते ही शुक्रवार को स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से मासूम की गई जान

तीसरी घटना सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव की है, जो ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती है। गुरुवार रात इलाज के नाम पर एक बड़ी लापरवाही सामने आई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर ने उनके बीमार मासूम बच्चे को गलत इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही बच्चे की हालत बिगड़ी और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई।

दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में एक की मौत

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नयका टोला मोड़ के पास शुक्रवार को दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।