
बीयर लेकर बीजेपी का चुनाव प्रचार करने बिहार आए यूपी के पूर्व विधायक गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
काफी जद्दोजहद के बाद धनंजय कन्नौजिया ने बताया कि वे यूपी के बल्थरा रोड विधानसभा के पूर्व विधायक हैं। प्रचार के सिलसिले में बेतिया जा रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार जब्त कर चालक व पूर्व विधायक को हिरासत में ले लिया।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी का प्रचार करने आए यूपी के एक पूर्व विधायक कानूनी शिकंजे में फंसकर जेल चले गए। यूपी भाजपा के पूर्व विधायक बलिया जिले के जमुआ के धनंजय कन्नौजिया की कार से पुलिस ने शुक्रवार देर शाम बीयर बरामद किया। शनिवार को चालक बलिया के राजपुर पलिया के दिलीप सिंह समेत उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

यूपी के बलिया जिले के बल्थरा रोड विस से पूर्व विधायक रहे धनंजय को मजिस्ट्रेट विकास कुमार के नेतृत्व में चलाये जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पकड़ा गया है। नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि अवैध शराब बरामदगी में उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर पूर्व विधायक व चालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कार को जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में बेतिया प्रचार के लिए जाने की बात पूर्व विधायक ने कही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम में मंगलपुर चेकपोस्ट पर मजिस्ट्रेट विकास कुमार के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गोपालगंज की ओर से काले रंग की कार चेकपोस्ट के पास पहुंची। यहां पूर्व से तैनात एसएसबी व पुलिस बल के जवानों ने कार को रोका। तलाशी के दौरान कार में चालक के सीट के बगल में स्थित बैग से तीन केन बीयर बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस व मजिस्ट्रेट ने पूछताछ की। काफी जद्दोजहद के बाद धनंजय कन्नौजिया ने बताया कि वे यूपी के बल्थरा रोड विधानसभा के पूर्व विधायक हैं। प्रचार के सिलसिले में बेतिया जा रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार जब्त कर चालक व पूर्व विधायक को हिरासत में ले लिया। उन्हें थाने लाया गया, एफआईआर दर्ज करने के बाद शनिवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





