प्रशांत किशोर के सामने थाने में भिड़े जन सुराजी, पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना की औकात पूछ ली

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना के जक्कनपुर थाने में जब प्रशांत किशोर और थानेदार ऋतुराज सिंह के बीच वर्दी उतारने वाली गरम बहस हुई थी, उसी समय जन सुराज पार्टी के नेता पू्र्व DG राकेश कुमार मिश्रा ने पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना की औकात पूछ ली थी।

Prashant Kishore RK Mishra Kishore Munna Thana
पटना के जक्कनपुर थाने में बुधवार की रात जन सुराज के कार्यकर्ताओं को उठाने को लेकर थानेदार से बहस करते प्रशांत किशोर, किशोर कुमार मुन्ना और आरके मिश्रा।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उप-चुनाव के मतदान से पहले वाली रात में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के दो सीनियर और संस्थापक नेता पटना के जक्कनपुर थाना में पीके के सामने आपस में ही लड़ गए। माहौल इतना तन गया कि होमगार्ड डीजी रहे रिटायर्ड आईपीएस अफसर राकेश मिश्रा उर्फ आरके मिश्रा ने दो बार के पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना की हैसियत पूछ ली। उस झगड़े का वीडियो अब वायरल है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रदेश यूनिट के एक्स हैंडल से गुरुवार को मतदान के दौरान दोपहर में उस वीडियो (खबर के अंत में वीडियो देख सकते हैं) का एक हिस्सा छापकर आरोप लगाया- ‘जब ये पूर्व डीजी जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति के साथ बदतमीजी कर सकते हैं, तो आम जनता के साथ इनका व्यवहार कैसा होगा?’

जन सुराज पार्टी ने बुधवार की शाम दावा किया था कि पुलिस ने उसके 20 कार्यकर्ताओं को अरेस्ट कर लिया है और बता भी नहीं रही है कि उन्हें किस जुर्म में पकड़ा गया है। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के बारे में जानकारी लेने प्रशांत किशोर जक्कनपुर थाना गए थे, जहां खुद उनकी थानेदार ऋतुराज सिंह के साथ तीखी बहस हो गई। प्रशांत किशोर द्वारा आक्रामक तरीके से कार्यकर्ताओं के बारे में पूछने पर एसएचओ ने यहां तक कह दिया था कि उनके ही थाने में उनको धमकाना ठीक नहीं है और वर्दी उतारकर वो भी उनकी तरह आम आदमी बन सकते हैं।

प्रशांत किशोर से भिड़ गया SHO- मेरे थाने में हमको ही धमकी, हम वर्दी उतार दिए तो… Video वायरल है

बहस के दौरान अचानक पूर्व महानिदेशक आरके मिश्रा उठते हैं और पटना के एसपी से बात करने के लिए थानेदार के सामने टेबल पर रखे वायरलेस का हैंडसेट उठा लेते हैं। प्रशांत किशोर के साथ बैठे किशोर मुन्ना उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं और वायरलेस सेट वापस रखने कहते हैं। मुन्ना ने तल्खी के साथ मिश्रा से कहा- ‘रखिए इसको। इसको नहीं छू सकते हैं। आप (अब) डीजी नहीं है।’

Bankipur Exit Poll: बांकीपुर के 3 सर्वे में प्रशांत किशोर की जीत! भाजपा और नितिन का किला बचेगा?

आरके मिश्रा का तेवर और तीखा हो जाता है और वो किशोर मुन्ना को डपटते हुए कहते हैं- ‘हम छू सकते हैं। आप नहीं छू सकते हैं। हम छू सकते हैं। मैं एक रिटायर्ड डीजी हूं। थाने में बैठा हूं। एसपी ने फोन नहीं उठाया है। मैं उनसे वायरलेस पर बात कर सकता हूं। आप किस तरह के नेता हैं। आप हमसे उलझेंगे। अपनी औकात भूल जाते हो तुम। औकात मत भूला करो।’ इसके बाद जन सुराज पार्टी के बाकी नेता और थानेदार मिलकर आरके मिश्रा और किशोर कुमार मुन्ना को शांत कराकर बैठाते हैं।

कभी बोगस वोट, कभी करोड़ों रुपये खर्च; प्रशांत किशोर ने BJP को भी चुनाव आयोग दौड़ा दिया

कोसी इलाके के जाने-पहचाने नाम किशोर कुमार मुन्ना सहरसा जिले की सोनवर्षा राज सीट से दो बार विधायक रहे हैं। इस बार वो सहरसा सीट से लड़े थे और तीसरे नंबर पर रहे। आरके मिश्रा भी दरभंगा जिले की दरभंगा सीट से विधानसभा का चुनाव लड़े थे। मिश्रा भी तीसरे नंबर पर रहे। दोनों जन सुराज की शुरुआत से प्रशांत किशोर के साथ हैं।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsप्रशांत किशोर के सामने भिड़े जन सुराजी, पूर्व DG ने किशोर मुन्ना की औकात पूछ ली