नेपाल में जल प्रलय से सीवान के 5 प्रखंडों पर बाढ़ का खतरा, 24 घंटे निगरानी शुरू; BDO-CO अलर्ट पर
सीवान में बाढ़ के खतरा को देखते हुए डीएम विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय आपातकालीन समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। 5 प्रखंडों के बीडीओ और संबंधित सीओ को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है।

नेपाल- तिब्बत में ग्लेशियर आउटबर्स्ट व वाल्मीकिनगर बैराज ,गंडक नदी में जलप्रवाह की वृद्धि से उत्पन्न संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सीवान जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय आपातकालीन समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जबकि मुख्य गंडक नदी का प्रवाह गोपालगंज जिले से होकर है, लेकिन वर्ष 2020 में सारण तटबंध के रिसाव व टूटने से सीवान के बसंतपुर, लकड़ी नबीगंज, गोरेयाकोठी, भगवानपुर हाट व बड़हरिया अंचल प्रभावित हुए थे। इसी अनुभव के आधार पर इन 5 अंचलों में 24 घंटे सतर्कता रखी जाएगी।
बीडीओ - सीओ आपदा स्थल का करेंगे चयन
जल संसाधन विभाग तथा संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे गोपालगंज प्रशासन एवं तटबंधीय अभियंताओं के साथ रियल-टाइम समन्वय स्थापित करते हुए सारण तटबंध की स्थिति एवं बैकवाटर के प्रभाव पर लगातार नजर रखें।संबंधित बीडीओ - सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी- निजी नावों, गोताखोरों तथा ऊंचे स्थानों पर चिन्हित आपदा शरण स्थलों की स्थिति को अपडेट रखने का निर्देश दिया गया। निचले एवं दियारा क्षेत्रों में माइकिंग कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने का संदेश देने को कहा गया।
सिविल सर्जन दवा उपलब्ध कराएंगे
सिविल सर्जन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश की दवा, ओआरएस, हैलोजन टैबलेट एवं ब्लीचिंग पाउडर का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु-चारे एवं पशु-टीकाकरण की आवश्यक तैयारी रखने को कहा गया।
ये लोग थे बैठक में शामिल
बैठक में उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह , अपर समाहर्ता प्रमोद राम , अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन इश्तेयाक अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता , महाराजगंज की एसडीएम अनिता सिन्हा , सीएस डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित जल संसाधन विभाग बाढ़ नियंत्रण, नहर प्रमंडल, जल निस्सरण, पीएचईडी, विद्युत, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा बड़हरिया, गोरेयाकोठी, भगवानपुर हाट, लकड़ी नवीगंज एवं बसंतपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी शामिल हुए।
24 घंटे नियंत्रण कक्ष भी खोला गया
विद्युत, पीएचईडी एवं सड़क निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि बाढ़ या जलजमाव की स्थिति में पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं सड़क संपर्क बाधित न हो। इसके लिए क्विक रिस्पांस टीमों को तत्पर रखने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने आम जनता से पैनिक न होने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण सूचना पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
जिला स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष कार्यरत है, दूरभाष नंबर 06154-242000 है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। डीएम विजय प्रकाश मीणा ने आमजनों से अपील की है कि प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन और संबंधित पदाधिकारियों को सूचना दें ताकि हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

