काम की बात: बोधगया से बैंकॉक और भूटान के लिए हवाई जहाज जल्द, दिल्ली जाएगी दो फ्लाइट; शेड्यूल जानें

हिन्दुस्तान, बोधगया, निज प्रतिनिधि
share

पर्यटन सीजन में इंटरनेशनल पैसेंजर की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गया जी एयरपोर्ट से दक्षिण-पूर्व एशिया और भूटान की हवाई कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। डोमेस्टिक सेक्टर में दिल्ली और कोलकाता के लिए प्रतिदिन कई उड़ानों का विकल्प मिलेगा।

बोधगया से बैंकॉक, भूटान के लिए हवाई सेवा
बोधगया से बैंकॉक, भूटान के लिए हवाई सेवा

बोधगया के पर्यटक सीजन को ध्यान में रखते हुए गया जी एयरपोर्ट ने विंटर शेड्यूल 2026-27 गुरुवार को जारी कर दिया है। शेड्यूल से डोमेस्टिक और इंटरनेशनल उड़ानों की तस्वीर साफ हो गयी है। इसके तहत दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा के साथ बैंकॉक, यंगून, डॉन मुआंग और पारो के लिए भी उड़ानें संचालित होंगी।

पर्यटन सीजन में इंटरनेशनल पैसेंजर की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गया जी एयरपोर्ट से दक्षिण-पूर्व एशिया और भूटान की हवाई कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। डोमेस्टिक सेक्टर में दिल्ली और कोलकाता के लिए प्रतिदिन कई उड़ानों का विकल्प मिलेगा। एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि थाई एयर एशिया, थाई एयरवेज, भूटान एयरलाइंस, ड्रूक एयरवेज, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस, इंडिगो और एयर इंडिया की सेवाएं विंटर शेड्यूल में शामिल है। सूबे की सरकार की पहल पर पहली बार इंडिगो की बैंकॉक-गया जी-बैंकॉक सेवा शुरू होने जा रही है। 26 अक्तूबर से 25 मार्च 2027 तक यह उड़ान सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी।

विमान 11:05 बजे गया पहुंचेगा और 12:10 बजे बैंकॉक के लिए रवाना होगा। इससे गया-बैंकॉक के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा। थाई एयरवेज की बैंकॉक-गयाजी-बैंकॉक उड़ान 25 अक्तूबर से 27 मार्च 2027 तक प्रतिदिन प्रस्तावित है। यह 12:40 बजे गया पहुंचेगी और 1:40 बजे वापस बैंकॉक के लिए रवाना होगी। वहीं, थाई एयर एशिया की डॉन मुआंग-गयाजी-डॉन मुआंग सेवा मंगलवार, गुरुवार और रविवार को होगी। विमान 12:30 बजे गया पहुंचेगा और 1:15 बजे वापस लौटेगा।

28 से भूटान के लिए विमान

भूटान एयरलाइंस की बैंकॉक-गया जी-पारो उड़ान 28 अक्तूबर से बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। यह सेवा 27 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है। इससे पहले 12 अक्तूबर को इसकी पहली उड़ान 11 बजे गया पहुंचेगी और 11:40 बजे पारो के लिए रवाना होगी। ड्रूक एयरवेज की पारो-गयाजी-पारो सेवा भी अलग-अलग दिनों में संचालित होगी। नवंबर में शनिवार की उड़ान के अलावा दिसंबर, जनवरी और फरवरी में भी निर्धारित दिनों पर सेवा प्रस्तावित है। वहीं, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल की यंगून-गयाजी-यंगून सेवा 28 अक्तूबर से बुधवार, गुरुवार और शनिवार को होगी। विमान 11:40 बजे गया पहुंचेगा और 12:40 बजे वापस रवाना होगा। दूसरी सेवा 25 अक्तूबर से 26 मार्च तक सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। इसके अलावा म्यांमार नेशनल एयरलाइंस की यंगून-गयाजी-यंगून उड़ान 21 अक्तूबर से 28 अप्रैल 2027 तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। यह 12:30 बजे गया पहुंचेगी और 1:30 बजे वापस लौटेगी।

दिल्ली के लिए 25 से प्रतिदिन एयर इंडिया की दो उड़ानें

डोमेस्टिक कनेक्टिविटी में भी विस्तार होगा। एयर इंडिया 25 अक्तूबर से गयाजी के लिए दो दैनिक उड़ानें संचालित करेगी। पहली उड़ान 11 बजे गया पहुंचेगी और 11:30 बजे दिल्ली लौटेगी, जबकि दूसरी उड़ान 4:20 बजे गया पहुंचेगी और 4:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। दोनों सेवाएं 27 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है। इंडिगो की दिल्ली-गयाजी-कोलकाता उड़ान 11:30 बजे गया पहुंचेगी और 12 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगी। वहीं कोलकाता-गयाजी-दिल्ली उड़ान शाम 4:30 बजे गया पहुंचेगी और 5 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। विंटर शेड्यूल में उड़ानों के विस्तार से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय यात्रियों को भी बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबोधगया से बैंकॉक, भूटान के लिए हवाई जहाज जल्द, दिल्ली की 2 फ्लाइट; शेड्यूल जानें