लड़कों के साथ देखा तो पड़ी डांट, 5 लड़कियों ने खाया जहर; सामूहिक सुसाइड में खुला राज
औरंगाबाद जिले के हसपुरा में पिछले दिनों लड़कियों के सामूहिक आत्महत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लड़कों के साथ घूमते हुए देखे जाने पर परिजन ने डांट लगाई, तो 5 बच्चियों ने जहर खा लिया। 4 की मौत हो गई, एक बच गई।

बिहार के औरंगाबाद जिले में पिछले महीने हुए लड़कियों के सामूहिक सुसाइड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में 29 जनवरी को पांच बच्चियों ने जगर खा लिया था। इनमें से 4 की मौत हो गई थी। एक बच्ची सुरक्षित बच गई है जिसने पुलिस को घटना के संबंध में पूरी जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि वह अपनी सहेलियों और हम उम्र के कुछ लड़कों के साथ सरस्वती पूजा के दौरान पंडाल घूमने निकली हुई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें देखकर आपत्ति जताई और घर वालों को इसकी सूचना दे दी।
यह सुनकर लड़कियों के घर वालों ने सभी को डांट लगाई। परिजन की डांट-फटकार से लड़कियां गुस्सा हो गईं। सभी पांच सहेलियों ने आपस में मिलजुलकर योजना तैयार की। 29 जनवरी को उन्होंने एक सहेली के घर से बगुले को बेहोश करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले जहरीला पदार्थ का पता किया। उस जहरीले पदार्थ का सेवन पांचों लड़कियों ने कर लिया।
घर वालों की डांट से आहत पांचों लड़कियों ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। इनमें से 4 ने दम तोड़ दिया। एक बच्ची का इलाज दूसरी जगह पर कराया गया और वह सुरक्षित बच गई। औरंगाबाद के एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि मामले में एक प्राथमिकी हसपुरा थाना में दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि परिजन के द्वारा इस मामले में सबूत नष्ट कर दिए गए थे। अब जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि छात्राओं ने परिजनों की डांट से आक्रोशित होकर यह आत्मघाती कदम उठाया था। बगुले को जो जहरीला पदार्थ दिया जाता है, उसी का इस्तेमाल उक्त बच्चियों ने भी किया था जिसके कारण चार की मौत हो गई। बाद में परिजनों ने शवों को जला दिया था। एक बच्ची सुरक्षित बच गई जिसका बयान पुलिस ने दर्ज किया है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें


