बिहार में कोसी नदी में डूबे 5 दोस्त, 3 की मौत; परिजनों में कोहराम

Mar 09, 2026 09:36 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, बिहपुर, भागलपुर
share

गांव के पांच दोस्त कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से तीन दोस्त डूबने लगे। वहीं दो अन्य दोस्त किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए और घबराकर गांव की ओर भाग गए।

बिहार में कोसी नदी में डूबे 5 दोस्त, 3 की मौत; परिजनों में कोहराम

बिहार के भागलपुर जिले में बिहपुर प्रखंड की हरियो पंचायत के महेशपुर गांव में रविवार को एक हादसे में तीन किशोरों की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। मृत किशोरों की पहचान महेशपुर गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी कैप्टन यादव के पुत्र लक्ष्मण कुमार (13 वर्ष), पिंटू यादव के पुत्र युवराज कुमार (14 वर्ष) उर्फ प्रीतम और शंकर शर्मा के पुत्र नयन कुमार (12 वर्ष) के रूप में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार की दोपहर गांव के पांच दोस्त कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे।

नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से तीन दोस्त डूबने लगे। वहीं दो अन्य दोस्त किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए और घबराकर गांव की ओर भाग गए। डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तुरंत नदी थाना को सूचना दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष केशव चंद्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी।

एनडीआरएफ की टीम को पहुंचने में लग गए पांच घंटे

हालांकि स्थानीय लोगों ने बताया कि नवगछिया क्षेत्र में एनडीआरएफ की स्थायी टीम नहीं रहने के कारण राहत और बचाव कार्य शुरू होने में काफी देर हो जाती है। मौके पर मौजूद जिला पार्षद प्रतिनिधि चंदन भारद्वाज, हरियो पंचायत के सरपंच राजकिशोर राजपाल और पूर्व मुखिया पवन कुमार साह ने बताया कि यदि नवगछिया में एनडीआरएफ की टीम रहती तो बचाव कार्य जल्द शुरू हो सकता था। उन्होंने कहा कि जिले से टीम आने में काफी समय लग जाता है, जिसके कारण कई बार शव को ढूंढ़ने में भी कठिनाई होती है। उन्होंने बताया कि इस घटना में भी एनडीआरएफ की टीम करीब पांच घंटे बाद मौके पर पहुंची।

एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद एनडीआरएफ टीम पहुंची

हरियो पंचायत के सरपंच राजकिशोर राजपाल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने बिहपुर अंचलाधिकारी को कई बार फोन किया, लेकिन उनका कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद नवगछिया के एसडीओ रोहित कर्दम को घटना की सूचना दी गई। एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने तीनों किशोरों के शव को नदी से बरामद कर लिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पूरे महेशपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृत किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर घर में मातम का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा होकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते रहे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।