
पहले बाल कटवाने के चक्कर में बवाल; चाकू लेकर टूट पड़े दबंग, दो युवक घायल
पश्चिमी चंपारण के मैनाटाड़ में पहले बाल कटवाने के लेकर बवाल हो गया। दो पक्षों पहले मारपीट हुई। और फिर एक पक्ष के युवकों ने चाकू से हमला बोल दिया। जिसमें दो युवक घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पश्चिमी चंपारण के मैनाटाड़ के पुरूषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के मर्जदवा बाजार में आपसी विवाद को लेकर युवकों के दो पक्षों में मारपीट हो गयी। घटना शुक्रवार के दोपहर की है।मारपीट के दौरान एक पक्ष के युवकों ने चाकू से हमला कर लक्ष्मीपुर के दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक भागने में सफल रहें। भागे युवक पुरूषोत्तमपुर थाना के भेड़िहारी के बताये जाते हैं। घटना का कारण सैलून में पहले बाल कटवाने के दौरान हुई बहस से शुरू हुई। उसके मारपीट के दौरान चाकू से हमला कर दिया गया।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार, पुरूषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी आदि पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मारपीट के दौरान चाकू से हमला कर दो युवकों को घायल कर दिया गया। चाकूबाजी में घायल युवक पुरूषोत्तमपुर के लक्ष्मीपुर गांव निवासी बहादुर साह का 22 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार और सुनील पासवान का 21 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार है। घायल दोनों युवकों को इलाज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटाड़ भेजा गया। जहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के दोनों को बेतिया रेफर कर दिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले युवकों की पहचान कर ली गयी है। फिलहाल हमलावर भाग गये हैं। पुलिस उनके परिजनों को डिटेन कर हमलवारों को पुलिस के समक्ष हाजिर होने के लिए प्रयासरत हैं। एसडीपीओ ने बताया कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं पुरूषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया कि घटना को लेकर मर्जदवा बाजार में पुलिस गश्त तेज कर दी गयी है।घटना के बाद स्थिति पर पुलिस की पैनी नजर है।





