दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग से दहला पटना, सीने में गोली लगने से किशोर की मौत; 2 गंभीर

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Crime News: पटना के दानापुर में युवकों के दो गुटों के बीच हुई अंधाधुंध फायरिंग में 16 वर्षीय नितिन की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस एसआईटी गठित कर जांच कर रही है।

दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग से दहला पटना, सीने में गोली लगने से किशोर की मौत; 2 गंभीर

Bihar Crime News: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ ताराचक नाले के पास एक पार्टी के दौरान अचानक दो गुटों में भारी विवाद हो गया, जो देखते ही देखते अंधाधुंध गोलीबारी में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से 16 साल के एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की खबर पाकर एएसपी शिवम धाकड़ और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की सघन छानबीन में जुट गए हैं।

बाइक पर बैठे किशोर के सीने में लगी गोली

मिली जानकारी के मुताबिक, मृत किशोर की पहचान नितिन कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहटा के कटेसर मुस्तफापुर का रहने वाला था और ताराचक में अपने नाना राजेश्वर राय के घर रहकर पढ़ाई करता था। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के समय नितिन नाले के पास अपनी बाइक पर बैठा हुआ था, तभी दोनों गुटों की तरफ से हुई फायरिंग की एक गोली सीधे उसके सीने में जा धंसी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। नितिन की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां प्रमिला देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में शव के पास बिलखते परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

15 से 20 राउंड चलीं गोलियां, जांच के लिए एसआईटी गठित

पुलिस के अनुसार, ताराचक नाला पर मंदिर के पास कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, तभी किसी बात पर कहासुनी हुई और पूरी टोली दो गुटों में बंट गई। इस दौरान करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें ताराचक निवासी विजय कुमार (68 वर्ष) और आनंद बाजार निवासी सन्नी कुमार (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए हैं। सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष एसआईटी टीम का गठन कर दिया है। इसके साथ ही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।