टी-20 विश्व कप में भारत की जीत पर मस्जिद के पास पटाखा फोड़ने पर मारपीट, वैशाली में मर्डर

Mar 10, 2026 06:56 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, पूर्णिया/बिक्रमगंज
share

राजपुर बजार स्थित पुरानी मस्जिद में तराबी संचालित हो रहा था। तभी भारत- न्यूजीलैंड के बीच फाइनल क्रिकेट मैंच में भारत की जीत होने मस्जिद के बगल में स्थित कुछ घर के लड़कों द्वारा खुशी में पटाखा फोड़ा गया। जिस पर मस्जिद में तराबी के दौरान मौजूद कुछ लड़कों ने डिस्टर्ब होने की बात कहते हुए आपत्ति जताई। 

टी-20 विश्व कप में भारत की जीत पर मस्जिद के पास पटाखा फोड़ने पर मारपीट, वैशाली में मर्डर

आईसीसी मेंस टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त देकर भारत विश्व विजेता बन गया। टीम इंडिया की इस जीत पर पूरे भारत में कई जगहों पर जश्न मना। लेकिन बिहार के सासाराम जिले के बिक्रमगंज में कुछ उत्साही लोगों ने मस्जिद के नजदीक पटाखा फोड़ा तो भारी बवाल हो गया। यहां राजपुर बाजार में क्रिकेट में भारत की जीत पर पटाखा छोड़ने के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गयी। पुलिस ने दोनों पक्षों से नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दी। वहीं एसडीएम बिक्रमगंज रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे व जांच की।

सोमवार को दिनभर राजपुर बाजार पुरानी मस्जिद का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। थानाध्यक्ष उमूस सलमा ने बतायी कि रविवार रात राजपुर बजार स्थित पुरानी मस्जिद में तराबी संचालित हो रहा था। तभी लगभग 11 बजे रात में भारत न्यूजीलैंड के बीच फाइनल क्रिकेट मैंच में भारत की जीत होने मस्जिद के बगल में स्थित कुछ घर के लड़कों द्वारा खुशी में पटाखा फोड़ा गया।

जिस पर मस्जिद में तराबी के दौरान मौजूद कुछ लड़कों ने डिस्टर्ब होने की बात कहते हुए आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों पक्ष में झड़प हुई। लोगों द्वारा 112 की पुलिस को बुलाया गया। अज्ञात द्वारा फोन पर एसपी को दंगा होने की बात बताई गई। जिसे नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को देख झड़प कर रहे लोग आक्रामक हो गए। वाहन को क्षति पहुंचाया। मामले में कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के मो. सलीम, मो. नौशाद, मो. खुशनवाज, मो. कलीम व दूसरे पक्ष के अनिल कुमार गुप्ता, दुर्गा कुमार गुप्ता,उसके छोटे भाई पिंटू कुमार गुप्ता, आनंद कुमार गुप्ता व अजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

वहीं एसडीएम की मौजूदगी में पैक्स अध्यक्ष शोभनाथ गुप्ता, बीडीसी प्रतिनिधि सुमेश्वर सिंह यादव, मुखिया प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह, मुहर्रम कमेटी अध्यक्ष मो. गुड्डू आलम, मो. मंसूर आलम आदि ने कहा कि यहां पर दोनों समुदायों में आपसी भाईचारा है। प्रेम मोहब्बत है। कहीं कोई समस्या नहीं है। यह झड़प महज एक दुर्घटना थी। मामले में एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

वैशाली में युवक का मर्डर

आईसीसी मेंस टी-20 विश्व कप का मैच देखने के दौरान हुए विवाद में रविवार की देर रात महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में एक 18 वर्षीय मूक-बधिर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हमलावर केशव कुमार ठाकुर घर छोड़कर फरार हो गया। नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या-18 जक्कोपुर निवासी बृजकिशोर राय के 18 वर्षीय मूक-बधिर पुत्र कुन्दन कुमार की हत्या के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है। जक्कोपुर गांव में कुछ युवक मोबाइल पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच हो रहे टी-20 विश्व कप के फाइनल मैच को देख रहे थे। इसी दौरान कुन्दन कुमार भी पीछे से खड़े होकर मैच देखने लगा। इसी बात पर मोबाइल पर मैच देख रहे एक युवक ने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। कुन्दन कुमार बेहोश हो गया। गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।