बिहार चुनाव: जनसुराज में प्रत्याशी चयन के लिए वोटिंग के दौरान बवाल, लात-घूंसे और कुर्सियां चलीं; कई घायल
बिहार चुनाव: बताया जाता है कि सभा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही थी। जिसमें बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग कराई जा रही थी। इस दौरान बैलेट पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। कार्यकर्ता एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे।

बिहार चुनाव: बिहार में चुनाव को लेकर हलचल तेज है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी हैं। इस बीच जनसुराज पार्टी की एक सभा में जमकर हंगामा हो गया है। दरअस दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तारालाही परिसर में आयोजित जनसुराज की जनसभा में जमकर हंगामा हुआ। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये।
बताया जाता है कि सभा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही थी। जिसमें बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग कराई जा रही थी। इस दौरान बैलेट पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। कार्यकर्ता एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। लात-घूंसे भी चले। इस घटना में एक व्यक्ति का सिर भी फट गया है। पूरे घटनाक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कई बैलेट पेपर पर जबरन साइन कर गिरा दिए।
इसके बाद मंच के नीचे मौजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। फिर कहासुनी होने के साथ मारपीट होने लगी। कुछ ही देर में मंच के ऊपर और नीचे दोनों तरफ अफरातफरी मच गई। भीड़ में मौजूद लोगों ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। जिसके बाद मंच पर बैठे पदाधिकारी भी नीचे उतर आए। बहादुरपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


