दो भाई की लड़ाई में तीसरे की मौत,बेटे की मौत का सदमा नहीं झेल पाई मां ने; 1 साथ घर से निकली 2 अर्थी

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

भाइयों में मारपीट होते देख तीसरा भाई बीच बचाव करने गया था। धक्का लगने से वह गिर गया और उसकी मौत हो गई। उधर, बेटे का शव देखकर सदमे में मां पुकारी देवी (65) ने भी दम तोड़ दिया।

दो भाई की लड़ाई में तीसरे की मौत,बेटे की मौत का सदमा नहीं झेल पाई मां ने; 1 साथ घर से निकली 2 अर्थी

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में दो भाइयों के विवाद में तीसरे भाई की जान चली गई। घटना बोचहां थाने की करणपुर दक्षिणी पंचायत के वार्ड 6 की है। मृतक रामबाबू सहनी (35) मूकबधिर था। भाइयों में मारपीट होते देख वह बीच बचाव करने गया था। धक्का लगने से वह गिर गया और उसकी मौत हो गई। उधर, बेटे का शव देखकर सदमे में मां पुकारी देवी (65) ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ बेटे और मां की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन की जा रही है।

बताया जाता है कि चार भाइयों में रामबाबू छोटा था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दो भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बीमार मां को देखने एक भाई चंद्रमणि दिल्ली से घर आया था। घर पर मनोज और रामबाबू रहते थे। मां के साथ रामबाबू रहता था। गुरुवार की रात मनोज मां को मरणासन्न समझ अगरबत्ती दिखाने पहुंचा। इसपर चंद्रमणि से विवाद हो गया और शुक्रवार को दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

भाइयों को आपस में लड़ता देखकर रामबाबू छुड़ाने चला गया। बचाव करने के दौरान धक्का लगने से रामबाबू गिर गया और बेहोश हो गया। आनन-फानन में रामबाबू को बोचहां अस्पताल ले जाया गया लेकिन, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे। उसके दाह संस्कार की तैयारी की जा रही थी। यह सदमा बीमार पुकारी देवी सह नहीं पाई। थोड़ी देर बाद उनकी भी मौत हो गई। यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी।

मुखिया प्रतिनिधि सरोज सहनी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामइकबाल सिंह, ग्रामीण अभिमन्यु मौर्य समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। सभी लोगों ने बैठकर पंचायती की और दोनों भाइयों से भविष्य में विवाद नहीं करने और लड़ाई झगड़ा नहीं करने का बॉन्ड भरवाया। इसके बाद मां-बेटे की एक साथ अर्थी उठाई गई। मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि रामबाबू सहनी भी हार्ट का मरीज था और पुकारी देवी भी बीमार थीं। लेकिन, एक साथ दोनों की मौत दुखी करने वाली घटना है।

घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। दोनों भाई अफसोस में हैं कि उनके आपसी कलह ने मां और भाई दोनों की जान ले ली। गांव में आपसी बैठक में मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने कहा कि परिवार के लोग मिल जुलकर रहना चाहते हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।