शादी से पहले मोहब्बत का टैटू हटाने की गजब की होड़, एनएमससीएच पटना में मुफ्त मिल रही यह सेवा
निजी क्लीनिक में जहां टैटू हटवाना महंगा साबित होता है, वहीं सरकारी अस्पतालों में यह कार्य मुफ्त में हो रहा। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के चर्म रोग विभाग में शुरू हुए अत्याधुनिक लेजर तकनीक क्लीनिक में टैटू आसानी से हटाए जाते हैं।

Love Tattoos: टैटू बनवाने का शौक वैसे तो हर उम्र के लोगों में है पर युवाओं में इसका जबरदस्त क्रेज है। युवा तरह-तरह के टैटू अपने शरीर पर गुदवाते हैं। मोहब्बत की निशानी के तौर पर भी टैटू बनवाए जाते हैं, लेकिन यही टैटू शादी तय होने पर उनके लिए परेशानी का सबब बन रहे। शादी से पहले अब मोहब्बत की निशानी के तौर पर बनवाए गए उसी टैटू को मिटाने के लिए सरकारी अस्पताल या निजी क्लीनिक में पहुंच रहे हैं। निजी क्लीनिक में जहां टैटू हटवाना महंगा साबित होता है, वहीं सरकारी अस्पतालों में यह कार्य मुफ्त में हो रहा। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के चर्म रोग विभाग में शुरू हुए अत्याधुनिक लेजर तकनीक क्लीनिक में टैटू न सिर्फ आसानी से हटाए जाते हैं बल्कि इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं देना पड़ता है। लिहाजा यहां टैटू हटवाना के साथ अनचाहे बाल, चेहरे को चमकदार बनाने और पेट में स्ट्रेच मार्क हटाने के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं।
एनएमसीएच के चर्म रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रामअवतार सिंह के नेतृत्व में अत्याधुनिक लेजर क्लीनिक की शुरुआत की गई है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास शंकर ने बताया कि त्वचा रोगों के आधुनिक, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक उपचार का लाभ आम लोग उठाने लगे हैं। अत्याधुनिक क्लीनिक में तीन प्रमुख लेजर तकनीक का उपयोग किया गया है, जिसमें क्यू-स्विच एनडी: वाईएजी लेजर, डायोड लेजर और फ्रैक्शनल सीओटू लेजर शामिल है। ये तीनों तकनीकें त्वचा रोग उपचार के क्षेत्र में अत्यंत प्रभावी, सुरक्षित एवं वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं।
यह लेजर विशेष रूप से पिगमेंटरी विकारों के उपचार में अत्यंत उपयोगी है। इसके माध्यम से टैटू, झाइयां, मेलाज्मा और चेहरे के दाग-धब्बे को हटाया जाता है। साथ ही त्वचा की रंगत सुधार जैसी समस्याओं का प्रभावी उपचार किया जा सकता है। यह तकनीक त्वचा की गहराई में जाकर अनचाहे पिगमेंट को लक्षित कर उसे धीरे-धीरे समाप्त करती है, जिससे त्वचा अधिक साफ, उजली और स्वस्थ दिखाई देती है।
एनएमसीएच में लेजर क्लीनिक की शुरुआत हुई
एनएमसीएच में लेजर क्लीनिक शुरू होने से अब लोगों को महंगे निजी संस्थानों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। त्वचा उपचार अब सरकारी संस्थान में ही सुलभ एवं किफायती दरों पर उपलब्ध होगा। वे लोग जो पिगमेंटेशन, दाग-धब्बे, मुंहासो के निशान अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान हैं, इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
सावधानी से बनवाएं टैटू नहीं तो हो सकता है संक्रमण
एनएमसीएच के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास शंकर ने बताया कि अगर सावधानी पूर्वक टैटू बनवाया जाए तो कोई परेशानी नहीं है, लेकिन एक छोटी से लापरवाही बड़ी मुसीबत में डाल सकती है। अगर एक ही सूई से टैटू बनवाएं हैं तो हेपेटाइटिस और एचआईवी जैसा संक्रमण हो सकता है। बैक्टिरियल संक्रमण का भी खतरा बना रहता है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

