दिल्ली की महिला इनफ्लुएंसर से मुजफ्फरपुर के होटल में रेप, ASI ने वीडियो से ब्लैकमेल भी किया; लखनऊ से भी पीड़िता आई सामने
दिल्ली की एक महिला इनफ्लुएंसर ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर उन्हें वायरल करने के नाम पर पहले मुजफ्फरपुर बुलाया गया और फिर उनके साथ रेप हुआ। महिला इनफ्लुएंसर ने SSB के एएसआई पर संगीन इल्जाम लगाए हैं।

एसएसबी के एएसआई ने दिल्ली की एक महिला इनफ्लुएंसर को सोशल मीडिया पर वायरल कराने का झांसा देकर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुलाया। अब आरोप है कि स्टेशन रोड के एक होटल में ठहरी इनफ्लुएंसर से एएसआई के साथी ने दुष्कर्म किया। इसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठे गए। पीड़िता ने एएसआई और उसके साथी के खिलाफ बुधवार को नगर थाने में ऑनलाइन शिकायत की है। दिल्ली निवासी पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एसएसबी के एएसआई, कम्युनिकेशन ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कराने और फॉलोअर बढ़ाने का झांसा देकर सात दिसंबर 2025 को बुलाया। वह दिल्ली से अपने दो साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरपुर आई। यहां उसे स्टेशन रोड के एक होटल में ठहराया गया। होटल में एएसआई के साथी ने उससे दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। विरोध करने पर उसने बेटे की हत्या की धमकी दी। इससे डरकर विरोध नहीं कर सकी।
अगले दिन वह दिल्ली लौट गई। इसके बाद दोनों उसे ब्लैकमेल कर पैसा मांगने लगे। उससे 20 हजार रुपये लिए। और पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने पति को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने नगर थाना से पहले एसएसबी मुख्यालय में घटना की ऑनलाइन शिकायत भेजी थी। एसएसबी के मुजफ्फरपुर स्थित सेक्टर मुख्यालय ने उसे गवाही बयान देने के लिए नोटिस भेजकर बीते सात सितंबर को बुलाया था।
शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया
पीड़िता का आरोप है कि यहां आने के बाद उस पर बयान बदलने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत का फैसला लिया। नगर थाने की पुलिस ने बताया कि दिल्ली की इनफ्लुएंसर के ऑनलाइन आवेदन की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ की दो इनफ्लुएंसर ने भी एएसआई पर लगाया आरोप
इधर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की दो अन्य महिला इनफ्लुएंसर ने भी आरोपित एएसआई पर सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजने और शोषण करने का आरोप लगाते हुए एसएसबी में शिकायत की है। इन दोनों को भी नोटिस भेजकर गवाही बयान देने के लिए मुजफ्फरपुर बुलाया। लखनऊ से गवाही देने पहुंची दोनों इनफ्लुएंसर ने भी आरोप लगाया है कि उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है। दोनों ने अहियापुर थाने में सनहा दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया है।
पार्क में जुटाकर करता है ठगी और शोषण
पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि एएसआई हर रविवार को मुजफ्फरपुर के सिटी पार्क में सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को सिखाने के नाम पर जुटाता है। यहां वह इनफ्लुएंसरों को जोड़कर ठगी व महिलाओं का शोषण करता है।


