
प्रेम विवाह से नाराज पिता ने बेटी के सामने दामाद के सिर में ठोक दी गोली, बिहार में कांड
,तन्नू और आयुष ने एक साल पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। तन्नू ने पुलिस को बताया कि विवाह से उसके पिता और भाई नाराज थे। तन्नू के परिजनों ने सिवाइपट्टी थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को रक्सौल से बरामद किया।
बिहार में बेटी के लव मैरिज से नाराज पिता ने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी है। यह सनसनीखेज कांड मुजफ्फरपुर जिले का है। यहां सिवाइपट्टी थाने के बनघारा गांव में रविवार की रात प्रेम विवाह से नाराज ससुरालियों ने बेटी के सामने ही दामाद आयुष कुमार (27) के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। दामाद के घर में घुसकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी घर के पीछे से अंदर घुसे थे। उस समय घर में आयुष की पत्नी और बूढ़ी मां ही थी। मां के साथ भी मारपीट की गई।
मृतक की पत्नी तन्नू कुमारी (25) के बयान पर पुलिस ने आयुष के ससुर बनघारा निवासी प्रेम कुमार और साला अभिषेक कुमार को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। थानेदार त्रिपुरारी कुमार राय ने बताया कि तन्नू के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तन्नू के मां, पिता, भाई और मामा सहित 13 लोगों को नामजद किया गया है। मामा और पिता पर घर में घुसकर गोली मारने का आरोप लगाया है।
पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार,तन्नू और आयुष ने एक साल पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। तन्नू ने पुलिस को बताया कि विवाह से उसके पिता और भाई नाराज थे। तन्नू के परिजनों ने सिवाइपट्टी थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को रक्सौल से बरामद किया।
कोर्ट में तन्नू ने आयुष के साथ रहने की इच्छा जताई। तन्नू की गोद में छह महीने का एकबेटा है। तन्नू ने बताया कि उनके पिता बार-बार उसके पति की हत्या करने की धमकी दे रहे थे। दो बार आयुष को हादसे में भी मारने की कोशिश की गई। आयुष के नाना जगदीश भगत ने बताया कि नाती की हत्या साजिश के तहत की गई है।





