काम की बात: मोबाइल का अधिक इस्तेमाल आपको बीमार बना रहा, कारण और निदान पर क्या कहते हैं डॉक्टर?
अध्ययन में राज्य के 8 लाख 34 हजार 680 लोगों को शामिल किया गया। ये वे लोग थे, जो प्रतिदिन 10 से 12 घंटे मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। इनमें 40 फीसदी लोगों में अंगूठे से जुड़ी मांसपेशियों में सूजन और दर्द की समस्या पाई गई।

रिंकू झा,पटना
मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से हाथ में सूजन और ऐंठन की समस्या बढ़ रही है। घंटों मोबाइल पकड़कर टाइप करने और स्क्रॉल करने से अंगूठे की मांसपेशियों पर लगातार दबाव पड़ रहा है। इसके कारण हाथ में दर्द, सूजन, ऐंठन और जकड़न की शिकायत बढ़ रही है। इंडियन सोसाइटी ऑफ सर्जरी ऑफ हैंड के बिहार चैप्टर के अध्ययन में यह बात सामने आई है।
अध्ययन में राज्य के 8 लाख 34 हजार 680 लोगों को शामिल किया गया। ये वे लोग थे, जो प्रतिदिन 10 से 12 घंटे मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। इनमें 40 फीसदी लोगों में अंगूठे से जुड़ी मांसपेशियों में सूजन और दर्द की समस्या पाई गई। इन लोगों ने बताया कि मोबाइल चलाते समय वे सबसे अधिक अंगूठे का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 60 फीसदी लोग अब हाथ की पांचों अंगुलियों का सामान्य रूप से इस्तेमाल नहीं करते हैं।
इस अध्ययन में स्कूल-कॉलेज के छात्रों के अलावा शिक्षक, कारोबारी और आईटी सेक्टर से जुड़े लोगों को भी शामिल किया गया था। सोसायटी के 15 चिकित्सकों की टीम ने अप्रैल से जुलाई के बीच ऑनलाइन सर्वे किया। 20 सवालों के जवाब के आधार पर अध्ययन रिपोर्ट तैयार की गई।
इन कारणों से बढ़ रही समस्या
● एक ही हाथ से फोन पकड़कर लगातार अंगूठे से टाइप करने पर मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ता है।
● कोहनी को लंबे समय तक मोड़कर रखने या कलाई को असहज स्थिति में रखने से नसों पर दबाव पड़ सकता है।
● एक ही तरह का काम बार-बार करने से मांसपेशियों में सूजन और जकड़न हो सकती है।
चिकित्सकों ने बताए बचाव के उपाय
● हर 30 मिनट के बाद मोबाइल का इस्तेमाल रोककर हाथ को कुछ देर आराम दें।
● मोबाइल चलाते समय दोनों हाथों का बारी-बारी से इस्तेमाल करें या फोन को टेबल पर रखकर उपयोग करें।
● अंगुलियों और कलाई की हल्की स्ट्रेचिंग करें।
● जरूरत न होने पर मोबाइल हाथ में लेकर न रखें।
● फोन को कंधे और कान के बीच दबाकर बात करने से बचें।
एक्सपर्ट की राय
मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से हाथ में सूजन और ऐंठन की समस्या बढ़ रही है। यह समस्या उन लोगों में अधिक देखी जा रही है, जो रोजाना आठ से 12 घंटे तक मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। -डॉ. कुमार अभिनव, न्यूरोलॉजिस्ट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर, पीएमसीएच
लिखने की आदत छूटना भी बन रही वजह
अध्ययन में पाया गया कि 80 से 85 फीसदी लोगों की लिखने की आदत कम हो गई है। पहले कागज पर लिखने के दौरान हाथ की सभी अंगुलियों का इस्तेमाल होता था। टाइपिंग और मोबाइल इस्तेमाल के दौरान अक्सर एक-दो अंगुलियों पर ही अधिक दबाव पड़ता है। इससे संबंधित मांसपेशियों पर लगातार दबाव बनने से दर्द और जकड़न की समस्या हो सकती है।


