बिहार: साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड पर गंगा का कटाव, ये ट्रेनें रद्द; कई के रूट बदले

हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

Indian Railway News: साहिबगंज-महाराजपुर के पास लगभग 100 मीटर ट्रैक गंगा के कटाव के जद में आ गया है। ट्रैक को बचाने के लिए रेलवे ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि ट्रैक से गंगा कटाव की दूरी करीब 20 मीटर ही रह गई है।

Indian Railway News
साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड पर गंगा का कटाव जारी है। (सांकेतिक तस्वीर)

Indian Railway News: साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड के महाराजपुर झुंझरी पुल के पास करीब सौ मीटर रेल ट्रैक गंगा के कटाव की जद में आ गया है। इसके बाद इस रूट पर डाउन लाइन पर रेल परिचलान रोक दिया गया है। इसके कारण मंगलवार को चार ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जबकि, छह ट्रेनों को मार्ग बदल कर भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट एवं जमालपुर-मुंगेर-कटिहार एवं किऊल-झाझ होकर चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं, एक पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से होकर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। ट्रैक को बचाने के लिए रेलवे ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि ट्रैक से गंगा कटाव की दूरी करीब 20 मीटर ही रह गई है। साहिबगंज एईएन वेद व्यास शरण ने बताया कि करीब सौ मीटर ट्रैक गंगा कटाव की जद में आ गया है।

दो ट्रेनें आज रहेंगी रद्द

29 सितंबर को चलने वाली 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू और 63406 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू रद्द रहीं। 30 सितंबर को 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू और 13428 साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस नहीं चलेंगी।

मोकामा: आज प्री एनआई और एनआई कार्य से 25 ट्रेनें रद्द

इधर पटना से सटे मोकामा में गंगा नदी पर बन रहे नए रेल पुल को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए चल रहे प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (प्री-एनआई) और नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य का असर बुधवार को ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। कार्य के चलते 25 ट्रेनों को रद्द किया गया है। 24 ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी। 11 ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। इन ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। रेलवे के अनुसार, नए रेल पुल को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ट्रैक, सिग्नल और यार्ड कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इसके कारण मोकामा और आसपास के रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होगी।

निर्धारित मार्ग में हो सकता है बदलाव

बदले मार्ग से चलने वाली ट्रेनों के निर्धारित मार्ग और परिचालन समय में बदलाव हो सकता है। कुछ ट्रेनों के ठहराव में भी परिवर्तन की संभावना है। शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनों के यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

पटना-दिल्ली अमृत भारत की बढ़ेगी रफ्तार, अब डेढ़ घंटे पहले पहुंचेगी ट्रेन

राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ेगी। ट्रेन अब डेढ़ घंटे पहले पहुंचेगी। इससे रेलयात्रियों के समय की बचत होगी। रेलवे इन ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। अभी ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा है। इसे बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा किया जाएगा। गति बढ़ाने पर हाल में रेलवे बोर्ड स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। इसमें पूर्व मध्य रेल (पूमरे) समेत पांच जोन के अधिकारी शामिल हुए। जरूरी तकनीकी और परिचालन संबंधी तैयारियां करने का जिम्मा संबंधित जोन को दिया गया है।

राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (22361) को सफर पूरा करने में करीब 17 घंटे 20 मिनट लगते हैं। इसके मुकाबले राजधानी और कुछ तेज सुपरफास्ट ट्रेनें 12 घंटे 10 मिनट में दिल्ली पहुंच जाती हैं। दूसरी सामान्य ट्रेनों से यह दूरी तय करने में करीब 15 से 16 घंटे लगते हैं। अमृत भारत 130 किमी प्रति घंटे की गति से परिचालन शुरू होने के बाद पटना से दिल्ली की यात्रा के समय में करीब डेढ़ से दो घंटे तक की कमी आ सकती है।

पूमरे: त्योहारों पर 13 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलेंगी

दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने 13 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। नई दिल्ली, आनंद विहार, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट, एरणाकुलम, पोत्तनूर समेत देश के विभिन्न शहरों से बिहार के प्रमुख स्टेशनों के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इन ट्रेनों से पटना, पाटलिपुत्र, बरौनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, जोगबनी और सुपौल समेत कई शहरों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। 04512/ 04511 चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ फेस्टिवल स्पेशल एक अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से चलेगी। 04096/04095 आनंद विहार-पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल एक अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रतिदिन चलेंगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार: साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड पर गंगा का कटाव, ये ट्रेनें रद्द;कई के रूट बदले