बिहार: बायोमेट्रिक में खेल कर और परीक्षा केंद्र में स्कॉलर को घुसाया, NEET में धांधली का मुख्य आरोपी धराया

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

नीट पुनर्परीक्षा 2026 में धांधली के मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार को ईओयू ने धर दबोचा है। प्रमोद ने पूछताछ में बताया है कि बायोमेट्रिक में खेला कर परीक्षा केंद्र के अंदर स्कॉलर को पहुंचाया गया था।

eou arrested pramod kumar
ईओयू ने नीट परीक्षा में धांधली के मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार को पकड़ा है। (वीडियो स्क्रीनशॉट)

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना। नीट पुनर्परीक्षा 2026 के दौरान लखीसराय स्थित परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन में धांधली के मुख्य अभियुक्त प्रमोद कुमार को ईओयू ने गिरफ्तार किया है। उसने एक परीक्षा केंद्र में बायोमेट्रिक कर्मियों की मिलीभगत से मूल परीक्षार्थी के बदले स्कॉलर को प्रवेश कराया था। ईओयू ने उससे पूछताछ की। इसके बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र के जहाना गांव के निवासी प्रमोद ने ईओयू की पूछताछ में कई खुलासे किए। साथ ही नीट धांधली में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की। उसने बताया कि विकास कुमार एवं राहुल के माध्यम से उसने लखीसराय स्थित केंद्रों में बायोमेट्रिक जांच का टेंडर लिया था। इसके बाद मो. शहजाद, सुबोध एवं रोहित कुमार उर्फ मुरारी एवं अन्य बायोमेट्रिक कर्मियों की मिलीभगत से मूल परीक्षार्थी के बदले स्कॉलर (फर्जी परीक्षार्थियों) को केंद्रीय विद्यालय खगौर स्थित परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया।

21 जून, 2026 को पुनर्परीक्षा के दौरान धांधली में लखीसराय के कवैया में दो अन्य कांड दर्ज हुए थे, जिसमें भी प्रमोद की संलिप्तता मिली है। ईओयू के मुताबिक, इस मामले में परीक्षार्थियों, स्कॉलर्स और बायोमेट्रिक ऑपरेटरों सहित कुल 27 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज है। इनमें 14 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।

एक दर्जन मेडिकल छात्र हुए थे गिरफ्तार

21 जून 2026 को हुई नीट पुनर्परीक्षा के दौरान लखीसराय के तीन परीक्षा केंद्रों से करीब एक दर्जन मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। ये छात्र बिहार, झारखंड, यूपी, बंगाल समेत कई राज्यों के मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे थे। आरोप है कि ये स्कॉलर बनकर मूल परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा में शामिल हुए थे। इस धांधली में पावापुरी मेडिकल कॉलेज के चतुर्थ वर्ष के छात्र रवि उर्फ रविशंकर की अहम भूमिका बताई गई है। रविशंकर को हाल ही में उसके भाई अश्विनी के साथ गिरफ्तार किया गया था।

ईओयू ने रविशंकर को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की है। पूछताछ में उसने भी बायोमेट्रिक संचालक प्रमोद की मिलीभगत और अन्य मेडिकल छात्रों के सहयोग से परीक्षा में कदाचार कराने की बात स्वीकार की थी। एक परीक्षा केंद्र पर रविशंकर की पत्नी मधु प्रिया भी अभ्यर्थी थी। उसकी जगह दूसरे स्कॉलर को परीक्षा में बैठाया गया था। इस कांड में पीएमसीएच के छात्र मयंक कश्यप, एनएमसीएच के संजीत, एएनएमसीएच के विवेक कुमार और अर्पित सिंह समेत कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं।

ईओयू ने पूछताछ के लिए रोहित को रिमांड पर लिया

ईओयू ने नीट पुनर्परीक्षा धांधली मामले में प्रमोद कुमार की मदद करने के आरोपी रोहित कुमार उर्फ मुरारी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। रोहित नवादा जिले में 14 जून 2026 को हुई सिपाही बहाली परीक्षा (मद्य निषेध, कक्षपाल एवं चलंत सिपाही दस्ता) में धांधली के मामले में भी आरोपी है। उसने नवादा के केएल साहू कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन का ठेका लिया था। इस केंद्र पर उसने करीब आधा दर्जन परीक्षार्थियों की सेटिंग कराई थी। इस मामले में नवादा नगर थाना में कांड संख्या 610/2026 दर्ज किया गया था। इसमें रोहित समेत 15 आरोपियों को नामजद किया गया था। इनमें से कई की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार: बायोमेट्रिक में खेला और सेंटर में स्कॉलर की एंट्री, मुख्य आरोपी धराया