गला रेतकर बुजुर्ग महिला की हत्या, शराब पीने से मना करने पर पियक्कड़ों ने घर में घुसकर काटा

Mar 02, 2026 10:21 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

मृतका की खून से लथपथ लाश घर में मिली। घटनास्थल से एक कटोरे में चिकेन और शराबखोरी से जुड़े अन्य सामान मिले हैं। पुलिस ने धारदार हथियार हंसुआ भी बरामद किया है।

गला रेतकर बुजुर्ग महिला की हत्या, शराब पीने से मना करने पर पियक्कड़ों ने घर में घुसकर काटा

शराबबंदी वाले बिहार के वैशाली में शराब पीने से मना करने पर पियक्कड़ों ने एक बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतार दिया। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड 12 में सोमवार को धारदार हथियार से गला रेतकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गयी। मृत महिला स्थानीय स्व. देव विलास राय की 70 वर्षीय पत्नी दाजो देवी थी। स्वजनों ने आरोप लगाया कि घर के पास शराबियों का जमावड़ा लगता था। महिला इसका विरोध करती थी। इसके कारण गला रेतकर हत्या कर दी गई। केस दर्ज कर पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी में जुट गई है।

घटनास्थल से एक कटोरे में चिकेन और शराबखोरी से जुड़े अन्य सामान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार हंसुआ भी बरामद किया है। घटना के संबंध में मृतका के पुत्र सुनील राय ने बताया कि घर में महिला अकेली रहती थी। सुनील काम के सिलसिले में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रांची में रहता है। स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना दी गई कि मां की हत्या कर दी गई है। लौटकर अपने घर पहुंचा तो घर में खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।

इसकी सूचना जुड़ावनपुर थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद स्वजन शव लेकर गांव चले गए। इस संबंध में जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि घटना के संबंध में पूरी जानकारी लेने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सुनील राय ने कहा कि शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद इलाके में पियक्कड़ों का आतंक है। चोरी छिपे शराब पीते हैं और लोगों को परेशान करते हैं। मां भलाई के लिए शराब पीने से मना करती थी तो उसकी हत्या कर दी। बेटे ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी है। लोग बुजुर्गों और बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। घटना के बाद गांव के कई लोग फरार हैं।

इस घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति के साथ साथ महिला सुरक्षा के सरकार के दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है। शराबबंदी कानून पर भी प्रश्नचिन्ह उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि शराब पीने और गला काटकर हत्या करने वाले पुराने अपराधी हैं। पुलिस ना तो शराब पर रोक लगा पा रही है ना ही बदमाशों पर कंट्रोल कर रही है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें