बिहार में 'दुल्हन' गैंग; उम्रदराज आदमियों की फर्जी शादी करा लाखों ठगे, और फिर फरार
गिरोह ऐसे पुरुषों को निशाना बनाता था, जिनकी उम्र अधिक हो चुकी है और जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। ऐसे लोगों को शादी का झांसा देकर फर्जी विवाह कराया जाता और मोटी रकम वसूल कर बाद में फरार हो जाया जाता था।

बिहार पुलिस ने एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जिसके निशाने पर ऐसे उम्रदराज आदमी रहते थे, जिनकी शादी नहीं हो रही होती थी। ये गिरोह उन लोगों की फर्जी शादी कराकर लाखों रुपए ऐंठ कर फरार हो जाते थे। राजस्थान से पुरुषों को लाकर फर्जी शादी के जरिए ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का डेहरी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। शनिवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। इनके अन्य सहयोगियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से करीब एक लाख 32 हजार 850 रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, नथनी, पायल, बिछिया, साड़ी सहित दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह फर्जी शादी का झांसा देकर ठगी कर रहा है।
सूचना के आधार पर डेहरी नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में डीआईयू टीम समेत पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए करगहर थाना क्षेत्र के गोरी गांव निवासी जया कुमारी पटेल और काराकाट थाना क्षेत्र की निवासी रागिनी उर्फ झुन्नी देवी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है,जिसमें आयरकोठा थाना क्षेत्र की धर्मशीला देवी, करगहर थाना क्षेत्र के गोरी गांव निवासी अभिषेक पटेल और डेहरी नगर थाना क्षेत्र के एनिकट निवासी श्रवण कुमार भी शामिल हैं।
गिरोह ऐसे पुरुषों को निशाना बनाता था, जिनकी उम्र अधिक हो चुकी है और जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। ऐसे लोगों को शादी का झांसा देकर फर्जी विवाह कराया जाता और मोटी रकम वसूल कर बाद में फरार हो जाया जाता था। रागिनी उर्फ झुन्नी देवी की निशानदेही पर शेष तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।





