ट्रेनें लेट और विमान रद्द; कोहरे और ठिठुरन से बिहार में हाहाकार; ठंड से यूं बचें
शनिवार को तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, अमृत भारत, मगध एक्सप्रेस सहित आठ ट्रेनें सात घंटे तक की देरी से पटना जंक्शन आई तो खराब मौसम के कारण दिल्ली से पटना आने वाली पहली उड़ान को रद्द कर दिया गया।
बिहार में कोहरे और ठिठुरन का कहर जारी है। अत्यधिक कोहरे का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। राज्य में सुबह के वक्त कई जगहों पर घना कोहरा नजर आ रहा है। इससे सुबह के वक्त घर से काम के लिए निकलने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। धुंध की वजह से ट्रेनें लेट चल रही हैं और कई विमानें भी रद्द हो रही हैं। लगातार तीसरे दिन शनिवार को कोहरे के कहर से विमानों और ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के सात-सात घंटे तक विलंब रहने से यात्रियों को ठिठुरन वाली ठंड में पटना में ही रात गुजारनी पड़ रही है। क्रिसमस के समय बच्चों के स्कूल बंद हो जाते हैं। इस कारण लोग घूमने के लिए अलग-अलग शहर जाने के साथ ही बिहार भी आते हैं। लेकिन, ट्रेन और विमान की लेटलतीफी से पर्यटकों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
शनिवार को तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, अमृत भारत, मगध एक्सप्रेस सहित आठ ट्रेनें सात घंटे तक की देरी से पटना जंक्शन आई तो खराब मौसम के कारण दिल्ली से पटना आने वाली पहली उड़ान को रद्द कर दिया गया। इस कारण पटना में पहली फ्लाइट इंडिगो की दिल्ली से पटना आने वाली 10:50 में लैंड हुई। वहीं 10 फ्लाइट विभिन्न शहरों से आने वाली और 15 फ्लाइट पटना से विभिन्न शहरों को जाने वाली घंटों देरी से आई और गई।
ट्रेन विलंब होने से भागलपुर, मधेपुरा नहीं जा सके
घने कोहरे के कारण मगध एक्सप्रेस सात घंटे तो अमृत भारत छह घंटे की देरी से पटना जंक्शन पहुंची। इससे कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन छूट गई। मगध से उतरे आलोक कुमार ने बताया कि उन्हें भागलपुर जाना था, लेकिन ट्रेन सात घंटे की देरी से पटना पहुंची। इससे भागलपुर जाने के लिए रात में बांका इंटरसिटी में सवार होना पड़ा।
ये ट्रेनें देर से पहुंचीं
12310 तेजस राजधानी 2 घंटे 57 मिनट
12394 संपूर्ण क्रांति 3 घंटे 20 मिनट
20802 मगध एक्सप्रेस 7 घंटे 01 मिनट
22362 अमृत भारत एक्स. 6 घंटे 7 मिनट
12332 श्रमजीवी एक्स. 3 घंटे 5 मिनट
12368 विक्रमशिला एक्स.1 घंटे 57 मिनट
13258 दानापुर जनसाधारण 3 घंटे 7 मिनट
दो विमान रद्द, कई रहे लेट
एआई1749 दिल्ली-पटना रद्द
एआई1892 पटना-दिल्ली रद्द
6ई6917 कोलकाता पटना 1 घंटे 35 मिनट
6ई6348 कोलकाता पटना 1 घंटे 49 मिनट
6ई5007 पटना दिल्ली 1 घंटे 12 मिनट
6ई775 पटना कोलकाता 1 घंटे 40 मिनट
बचाव के लिए डॉक्टरों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
● बीपी-शुगर के रोगी दवा ना छोड़ें, अपनी दवा एडजस्ट कराएं
● अनावश्यक बाहर नहीं निकलें, निकलने पर गर्म कपड़ा पहनें
● बच्चों-बुजुर्गों को टोपी, स्वेटर, जैकेट पहनाएं, घर को गर्म रखें
● बाइक आदि खुले वाहनों का प्रयोग जितना हो सके कम करें
● मजदूर-किसान बाहर निकलें तो उनके लिए अलाव की व्यवस्था हो
● चिकित्सक से सलाह लेकर घर में आपात स्थिति की दवाइयां रखें
होमियोपैथ की दवाइयों और हल्दी दूध से भी राहत
होमियोपैथ के डॉ. रतन ने बताया कि इस मौसम में रस्टक्स 30 और एकोनाइट 30 का प्रतिदिन 3-3 बूंद तीन बार सेवन करने से भी बड़ी राहत मिलती है। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. मधुरेंदु पांडेय ने प्रतिदिन रात में दूध-हल्दी, गुड़ का सेवन करने, काली मिर्च-तुलसी-अदरक के काढ़ा का सेवन करने व तिल, मेथी, तिसी आदि का लड्डू खाने की सलाह दी।





