पटना के फ्लैट में चल रहा था दुबई का सट्टा रैकेट, करोड़ों की ठगी करने वाले 9 ठगों को बिहार पुलिस ने दबोचा

हिन्दुस्तान, हिंदुस्तान संवाददाता, भोजपुर
Follow us on Google News
share

Bihar Crime News: भोजपुर साइबर पुलिस ने दानापुर में छापेमारी कर दुबई से संचालित लोटस बुक गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 9 अपराधियों को 46 मोबाइल और 7 लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया है।

पटना के फ्लैट में चल रहा था दुबई का सट्टा रैकेट, करोड़ों की ठगी करने वाले 9 ठगों को बिहार पुलिस ने दबोचा

Bihar Crime News: बिहार में साइबर अपराधियों के खिलाफ जारी महा-अभियान में भोजपुर पुलिस को एक बहुत बड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कामयाबी हाथ लगी है। भोजपुर की साइबर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुबई से संचालित होने वाले एक अवैध ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए देश भर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के 9 शातिर अपराधियों को दबोच लिया है। इन सभी अपराधियों को पटना जिले के दानापुर अंतर्गत आरके पुरम स्थित किराए के एक फ्लैट से ऑन-द-स्पॉट सट्टेबाजी और ठगी का पैनल चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।

महादेव ऐप का दूसरा वर्जन है 'लोटस बुक'

भोजपुर एसपी राज के निर्देश पर यह पूरी कार्रवाई साइबर डीएसपी स्नेह सेतु के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी स्नेह सेतु ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अपराधी भोजपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। ये सभी आरोपी दानापुर के आरके पुरम में एक फ्लैट किराए पर लेकर 'लोटस बुक' गेमिंग ऐप के पैनल के लिए काम करते थे। यह रैकेट पिछले करीब छह-सात महीने से सक्रिय था। अधिकारियों के मुताबिक, यह लोटस बुक ऐप दरअसल देश के चर्चित 'महादेव सट्टा एवं गेमिंग ऐप' का ही दूसरा नया वर्जन है। इस गिरोह के तार सीधे दुबई से जुड़े हुए थे और दुबई में बैठे सिंडिकेट के आका टेलीग्राम और व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए इन्हें लगातार दिशा-निर्देश दे रहे थे।

गैजेट्स का बड़ा जखीरा बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान इस ठिकाने से तकनीकी गैजेट्स का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 46 स्मार्टफोन, 7 आधुनिक लैपटॉप, 32 चालू सिम कार्ड, 52 क्रेडिट व डेबिट कार्ड और एक पेटीएम स्कैनर बरामद किया गया है। गिरोह के वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान पुलिस ने जिले के एक ग्रामीण बैंक में चल रहे इनके तीन सक्रिय बैंक खातों को चिन्हित किया है, जिनमें बड़े पैमाने पर पैसों का संदिग्ध लेन-देन किया गया है। साइबर सेल इन खातों को फ्रीज कराकर आगे की जांच में जुटी है।

पटना में भी शेयर बाजार के नाम पर 1.20 करोड़ की भारी ठगी

पटना के दो अलग-अलग इलाकों से भी साइबर फ्रॉड की एक और बड़ी वारदात सामने आई है। साइबर बदमाशों ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच और आसान लोन दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से कुल 1.20 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इसमें चित्रकूट नगर के रहने वाले एक युवक से 52.99 लाख रुपये और बुद्धा कॉलोनी के दुजरा चक के रहने वाले युवक से 64 लाख रुपये उड़ाए गए हैं। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाने की पुलिस केस दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।