
पटना में नेपाली लड़की से बस में रेप करने वाला ड्राइवर फरार, खलासी औरंगाबाद से पकड़ा गया
पटना में एक निजी बस में दो दिनों तक नेपाली युवती से रेप करने वाला ड्राइवर फरार है। पुलिस को इस केस में एक सफलता हाथ लगी है। घटना के दौरान बस में मौजूद खलासी को पटना पुलिस ने औरंगाबाद से पकड़ा है।
बिहार की राजधानी पटना में नेपाली युवती से बस के अंदर दो दिनों तक रेप करने के मामले में पुलिस ने औरंगाबाद जिले से खलासी को पकड़ा है। वह उस ड्राइवर के साथ था, जिस पर रेप का आरोप है। एयरपोर्ट थाना पुलिस खलासी से पूछताछ कर रही है। हालांकि, युवती से बलात्कार करने वाला आरोपी बस ड्राइवर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। ड्राइवर का नाम कार्तिक बताया जा रहा है। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है।
फिलहाल खलासी के पकड़े जाने की अधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। सूत्रों की मानें तो यह भी पता चला है कि चालक बस को लेकर पटना के हार्डिंग रोड की ओर भी गया था। वहां भी उसने युवती के साथ गलत हरकत की।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय पीड़ित युवती नेपाल स्थित अपने घर में झगड़ा होने के बाद भागकर आई थी। वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी होकर ट्रेन से पटना पहुंची थी। उसने बताया कि 4 अगस्त को तड़के वह पटना रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहां से बाहर निकलने के बाद उसे आरोपी बस ड्राइवर मिला था। नौकरी दिलवाने का झांसे देकर वह युवती को अपने साथ एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के बीसैप कैंप के पास ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि ड्राइवर ने उसे दो दिनों तक बस में रखकर रेप किया। किसी तरह वह उसकी चंगुल से भागी और पुलिस को शिकायत की। ड्राइवर पर नेपाली युवती के रुपये और मोबाइल छीनने का भी आरोप है। आरोपी बस ड्राइवर दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है।





